चीन-लाओस रेलवे से अब तक 8 करोड़ से अधिक यात्रियों ने सफर किया
“चीन-लाओस मैत्री वर्ष और चीन-लाओस रेलवे के पांच वर्ष पूरे होने” के अवसर पर आयोजित श्रृंखलाबद्ध प्रचार गतिविधियों के तहत “लानछांग” ट्रेन के निर्माण स्थल (दालियान स्टेशन) में आयोजित सार्वजनिक भ्रमण दिवस कार्यक्रम में मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 चीन और लाओस के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 65वीं वर्षगांठ और चीन-लाओस मैत्री वर्ष है। चीन-लाओस रेलवे जल्द ही परिचालन के पांच वर्ष पूरे करने जा रहा है। बता दें कि इस वर्ष अक्टूबर तक, इस रेलमार्ग से कुल 8 करोड़ से अधिक यात्रियों ने सफर किया है।
चीन-लाओस रेलवे 3 दिसंबर 2021 को परिचालन में आया था। उच्च गुणवत्ता वाले “बेल्ट एंड रोड” संयुक्त निर्माण की एक प्रमुख परियोजना के रूप में, चीन के राष्ट्रीय रेलवे समूह के समन्वय के तहत इस रेलवे पर यात्रियों और माल परिवहन, दोनों में लगातार वृद्धि हुई है। साथ ही, सेवाओं की गुणवत्ता में स्थिर सुधार हुआ है और इस परिवहन मार्ग का क्षेत्रीय विकास पर प्रभाव भी लगातार बढ़ा है। इस रेलवे ने क्षेत्रीय आर्थिक एवं सामाजिक विकास में नई ऊर्जा का संचार किया है और चीन-लाओस साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण को गहरा करने में मित्रता, समृद्धि और पुनरुत्थान का मार्ग बन गया है।
रेल परिवहन उपकरण निर्माण क्षेत्र की कंपनी चीन रेलवे रोलिंग स्टॉक कॉरपोरेशन (सीआरआरसी) ने रेलवे उपकरणों के विकास, रखरखाव एवं संचालन संबंधी सहायता और प्रतिभाओं के प्रशिक्षण के लिए पूरी क्षमता से काम किया है। इनमें “लानछांग” और “शिंगुआंग-लानमेई” ईएमयू ट्रेनें दोनों देशों के बीच सीमा पार यात्रा को सुविधाजनक बनाती हैं। वहीं, इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव “लानमेई एक्सप्रेस” के कुशल संचालन में मदद करते हैं, जबकि शीत-श्रृंखला परिवहन उपकरणों ने चीन के युन्नान प्रांत के फूलों और लाओस के ड्यूरियन के द्विपक्षीय परिवहन एवं व्यापार के लिए एक सुगम मार्ग तैयार किया है।