भीतरी मंगोलिया के पहले 4F श्रेणी के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का परिचालन शुरू
26 नवंबर 2026 को, चीन के भीतरी मंगोलिया स्वायत्त प्रदेश में स्थित होहोत शंगले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर औपचारिक रूप से विमान परिचालन शुरू हो गया। इसके साथ ही, पुराने होहोत बाइता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया और सभी नागरिक विमानन परिवहन सेवाओं को पूरी तरह नए शंगले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थानांतरित कर दिया गया।
भीतरी मंगोलिया का पहला 4F श्रेणी का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होने के नाते, होहोत शंगले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होहोत शहर के हेलिंगर काउंटी में स्थित है। इसे एक क्षेत्रीय हवाई परिवहन केंद्र, पेइचिंग-थ्येनचिन-हबेई हवाई अड्डा समूह के प्रमुख वैकल्पिक हवाई अड्डों में से एक और प्रथम श्रेणी के हवाई अड्डा सीमा प्रवेश केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इसके अलावा, यह चीन की “बेल्ट एंड रोड” पहल के तहत एक महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र है। साथ ही, यह भीतरी मंगोलिया स्वायत्त प्रदेश को उत्तर की ओर खुलेपन के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार बनाने की योजना का प्रमुख परिवहन आधार भी है।
इस हवाई अड्डे पर 3.2 लाख वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाला टर्मिनल भवन बनाया गया है। यहां 2,000 मीटर की दूरी पर स्थित दो स्वतंत्र रूप से संचालित होने वाले समानांतर रनवे हैं। दक्षिणी रनवे की लंबाई 3,800 मीटर और उत्तरी रनवे की लंबाई 3,400 मीटर है। हवाई अड्डे पर कुल 130 विमान पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इसकी क्षमता सालाना 2.8 करोड़ यात्रियों, 3.2 लाख टन माल एवं डाक की ढुलाई और 2.44 लाख विमानों के आगमन एवं प्रस्थान को संभालने की है। यह दुनिया के सबसे बड़े विमानों के सुरक्षित संचालन और उड़ान भरने एवं उतरने की आवश्यकताओं को भी पूरा कर सकता है।
