चीन में दुनिया की सबसे लंबी हाईवे जलमग्न सुरंग की पहली टनल बोरिंग सफलतापूर्वक पूरी


26 नवंबर को ली गई चीन रेलवे 14वें ब्यूरो समूह द्वारा निर्मित हाइथाई यांग्त्सी नदी सुरंग के निर्माण स्थल की तस्वीर।

26 नवंबर को, चीन द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित और 16.64 मीटर के अधिकतम खुदाई व्यास वाली “च्यांगहाई” टनल बोरिंग मशीन (TBM) ने यांग्त्सी नदी के दक्षिणी तट के तटबंध को सफलतापूर्वक पार कर लिया। इसके साथ ही, इस मशीन ने यांग्त्सी नदी के जलक्षेत्र के नीचे 7.46 किलोमीटर लंबी सुरंग की खुदाई का काम पूरा कर सफलतापूर्वक नदी के दूसरी ओर स्थित च्यांग्सू प्रांत के थाइछांग पहुंच गई। यह दुनिया की सबसे लंबी हाईवे जलमग्न टनल, हाइथाई यांग्त्सी नदी सुरंग की दाईं सुरंग लाइन के यांग्त्सी नदी को सबसे पहले पार करने का प्रतीक है। इसके साथ ही, परियोजना अब निर्माण के अंतिम चरण में प्रवेश कर गई है।

हाइथाई यांग्त्सी नदी सुरंग परियोजना का डिजाइन चाइना रेलवे सियुआन सर्वेक्षण एवं डिजाइन समूह कंपनी लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया है, जबकि चाइना रेलवे के 14वें ब्यूरो समूह द्वारा इसका निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह सुरंग कुल 39.07 किलोमीटर लंबी है, जो उत्तर में नानथोंग के हाइमेन को दक्षिण में सूचोऊ के थाइछांग से जोड़ती है। इसे दोनों दिशाओं में छह लेन वाले हाईवे के मानक के अनुसार बनाया जा रहा है, जिसकी डिजाइन गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा है। नदी के नीचे से गुजरने वाला सुरंग खंड 11.185 किलोमीटर लंबा है और इसमें दो अलग-अलग सुरंगें बनाई जा रही हैं। इसके निर्माण में जमीन की सतह से खुली खुदाई विधि और टनल बोरिंग मशीन विधि का संयुक्त रूप से इस्तेमाल किया गया है। टनल बोरिंग मशीन से खुदाई वाले खंड में दाईं सुरंग लाइन की लंबाई 9,315 मीटर और बाईं सुरंग लाइन की लंबाई 9,326 मीटर है। इन दोनों लाइनों की खुदाई चीन में निर्मित 16.6 मीटर से अधिक व्यास वाली दो विशाल टनल बोरिंग मशीनों “च्यांगहाई” और “छांगयुआन” से की जा रही है।


26 नवंबर को, चीन रेलवे 14वें ब्यूरो समूह के कर्मचारी हाइथाई यांग्त्सी नदी सुरंग के भीतर काम करते हुए।

इस बार नदी को सबसे पहले पार करने वाली “च्यांगहाई” टनल बोरिंग मशीन ने अप्रैल 2025 में यांग्त्सी नदी के उत्तरी तट से खुदाई शुरू की थी और उसी वर्ष सितंबर में नदी के जलक्षेत्र के नीचे पहुंच गई थी। लगभग 14 महीनों में इसने नदी के तल के नीचे खुदाई की कठिन चुनौती सफलतापूर्वक पूरी की। चीन रेलवे 14वें ब्यूरो समूह के परियोजना टनल बोरिंग मशीन प्रभारी मंग तुफेंग ने जानकारी देते हुए बताया, “यांग्त्सी नदी के नीचे खुदाई के दौरान ‘च्यांगहाई’ ने तीन बेहद कठिन चरणों को पार किया। इनमें धीरे-धीरे यांग्त्सी नदी में प्रवेश करना, लंबी ढलान पर खुदाई करते हुए पानी के नीचे 75 मीटर की सबसे निचली गहराई तक पहुंचना और फिर चढ़ाई करते हुए ऊंचाई बढ़ाने तथा मशीन की स्थिति बदलने के साथ नदी से बाहर निकलना शामिल था। इस मशीन ने प्रतिदिन औसतन 20 मीटर की गति से स्थिर और सुचारु रूप से नदी को पार किया तथा अत्यधिक लंबी दूरी, विशाल खुदाई व्यास, बहुत अधिक जल दबाव, गहरी खुदाई और जटिल भूगर्भीय परिस्थितियों जैसी अनेक चुनौतियों का सामना किया।”