"समुद्री जैविक विविधता समझौते" सचिवालय के चयन में अमेरिका को कोई अधिकार नहीं है: चीनी विदेश मंत्रालय
अमेरिकी विदेश विभाग ने ‘समुद्री जैव विविधता समझौते’ के सचिवालय की मेजबानी के लिए बेल्जियम और चिली की संयुक्त बोली का समर्थन करते हुए एक बयान जारी किया है। इस पर 25 नवंबर को पेइचिंग में चीनी विदेश मंत्रालय की नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि अमेरिका न तो ‘संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून संधि’ का हस्ताक्षरकर्ता है और न ही ‘समुद्री जैव विविधता समझौते’ का। ऐसे में समझौते के सचिवालय के स्थान के चयन में अमेरिका को कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने सभी पक्षों से आग्रह किया कि वे सचिवालय के चयन की प्रक्रिया को राजनीतिक रंग देने और टकराव बढ़ाने की कोशिशों के प्रति सतर्क रहें।
प्रवक्ता ने बताया कि चीन पहले ही समझौते के सचिवालय की मेजबानी के लिए बेल्जियम और चिली की संयुक्त बोली पर अपना रुख स्पष्ट कर चुका है। चीन के अनुसार, यह बोली कम से कम छह पहलुओं पर तय मानकों के अनुरूप नहीं है। इनमें समझौते के प्रावधानों, प्रक्रियात्मक न्याय, अंतर्राष्ट्रीय परंपराओं, क्षेत्रीय संतुलन, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और मूल प्रतिबद्धताओं का पालन नहीं करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि चीन इस समझौते पर हस्ताक्षर करने वाले शुरुआती देशों में से एक है। साथ ही, वह इसका सदस्य और सबसे बड़ा योगदानकर्ता भी है। चीन अपनी मूल प्रतिबद्धताओं पर कायम रहते हुए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर सचिवालय के स्थान के चयन की प्रक्रिया को सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए तैयार है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यह समझौता वास्तव में पूरी मानवता के साझा हितों की सेवा करे।