समुद्री प्राकृतिक उत्पादों की खोज के मामले में चीन दुनिया में पहले स्थान पर

चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय द्वारा हाल ही में जारी “राष्ट्रीय समुद्री औषधि एवं कार्यात्मक उत्पाद उद्योग विकास रिपोर्ट 2026” के अनुसार, चीन में समुद्री सूक्ष्मजीवों की प्रजातियों के संरक्षण का पैमाना और उनकी विविधता दुनिया में अग्रणी स्थान पर है। चीन ने दुनिया का सबसे बड़ा गहरे समुद्र के जीवों का डेटाबेस भी तैयार किया है। समुद्री प्राकृतिक उत्पादों की खोज के मामले में चीन दुनिया में पहले स्थान पर है। इसके अलावा, AI की मदद से दवाओं की जांच और चयन की दक्षता पारंपरिक तरीकों की तुलना में 100 गुना से अधिक बढ़ गई है। नैदानिक परीक्षणों के लिए स्वीकृत समुद्री नई दवाओं की संख्या में भी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। वहीं, कई समुद्री कच्चे पदार्थों की वैश्विक आपूर्ति में चीन की प्रमुख हिस्सेदारी है।

रिपोर्ट के अनुसार, चीन के समुद्री औषधि एवं कार्यात्मक उत्पाद उद्योग का अतिरिक्त मूल्य वर्ष 2012 में 30 अरब युआन से अधिक था, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 99.6 अरब युआन हो गया। “14वीं पंचवर्षीय योजना” अवधि के दौरान इस उद्योग के अतिरिक्त मूल्य में 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, वर्ष 2025 में इसका अतिरिक्त मूल्य पिछले वर्ष की तुलना में 6.1 प्रतिशत अधिक रहा। वर्ष 2025 के अंत तक, चीन के समुद्री औषधि एवं कार्यात्मक उत्पाद उद्योग में तीन प्रमुख समुद्री आर्थिक क्षेत्रों का ऐसा विकास ढांचा उभरा, जिसमें पूर्वी क्षेत्र अग्रणी भूमिका निभा रहा है, जबकि उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्र भी उसके साथ आगे बढ़ रहे हैं।

चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय के समुद्री रणनीतिक योजना एवं आर्थिक विभाग के निदेशक शेन चुन ने कहा कि चीन समुद्री जैव-औषधि क्षेत्र में वैज्ञानिक एवं तकनीकी नवाचार तथा औद्योगिक श्रृंखला के समन्वित नवाचार को लगातार मजबूत कर रहा है। इस दिशा में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं और समुद्री जैव-औषधियों के अनुसंधान एवं विकास का समग्र स्तर अब दुनिया के अग्रणी देशों की श्रेणी में पहुंच गया है। इस वर्ष मई में, चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय, रष्ट्रीय विकास एवं सुधार आयोग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय सहित आठ विभागों ने संयुक्त रूप से “समुद्री औषधियों एवं कार्यात्मक उत्पादों के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को गति देने संबंधी मार्गदर्शक विचार” जारी किए। यह चीन का पहला राष्ट्रीय स्तर का नीतिगत दस्तावेज है, जिसमें समुद्री जैव-औषधि उद्योग के विकास को समर्थन दिया गया है। इस दस्तावेज में वर्ष 2030 तक कई समुद्री नवोन्मेषी दवाओं को बाजार में उपलब्ध कराने, इस उद्योग के अतिरिक्त मूल्य को 130 अरब युआन से अधिक करने तथा नवाचार क्षमता और औद्योगिक एकाग्रता के स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही, इस क्षेत्र में चीन की समग्र क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी देशों की श्रेणी में लाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।