शनचोउ-24 के चालक दल का चयन पूरा, थ्येनकोंग स्टेशन पर पहुंचेगा पहला विदेशी अंतरिक्ष यात्री


शनचोउ-24 मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन चालक दल।(शिन्हुआ समाचार एचेंसी)

चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, चीन के थ्येनकोंग अंतरिक्ष स्टेशन के अनुप्रयोग एवं विकास चरण के उड़ान मिशनों के लिए गठित कमान मुख्यालय ने शनचोउ-24 मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन के चालक दल का चयन कार्य पूरा कर लिया गया है। इस तीन सदस्यीय दल में अंतरिक्ष यात्री थांग होंगपो, अंतरिक्ष उड़ान इंजीनियर वू यी और पेलोड विशेषज्ञ मोहम्मद ज़ीशान अली शामिल हैं। थांग होंगपो इस मिशन के कमांडर होंगे। यह चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम का पहला ऐसा उड़ान दल है, जिसमें कोई विदेशी अंतरिक्ष यात्री भी शामिल है।

मिशन कमांडर थांग होंगपो इससे पहले शनचोउ-12 और शनचोउ-17 मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशनों में हिस्सा ले चुके हैं। इस मिशन के साथ वह तीन बार चीन के थ्येनकोंग अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले पहले अंतरिक्ष यात्री बन जाएंगे। वहीं, वू यी तीसरे खेप के अंतरिक्ष यात्रियों में शामिल हैं। मोहम्मद ज़ीशान अली चीन और पाकिस्तान के बीच सहयोग समझौते के तहत चुने गए पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्रियों में से एक हैं। वू यी और मोहम्मद ज़ीशान अली दोनों पहली बार अंतरिक्ष यात्रा पर रवाना होंगे।

योजना के अनुसार, पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री के अंतरिक्ष स्टेशन पर कुछ समय तक रहने के बाद, वह शनचोउ-23 मानवयुक्त अंतरिक्ष यान से पृथ्वी पर लौटेंगे। वहीं, शनचोउ-23 के चालक दल के सदस्य चू यांगचू शनचोउ-24 मिशन के तहत अंतरिक्ष स्टेशन पर ही रुककर अपना अभियान जारी रखेंगे। वह चीन के पहले ऐसे अंतरिक्ष यात्री बनेंगे, जो लगातार एक वर्ष तक अंतरिक्ष में रहेंगे। इस दौरान वह थ्येनकोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर वसंत, ग्रीष्म, शरद और शीत ऋतुओं का अनूठा अनुभव करेंगे।