अक्टूबर में एक्सप्रेस डिलीवरी का आंकड़ा फिर 17 अरब पार्सलों के पार
चीन के राष्ट्रीय डाक ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार, अक्टूबर में चीन में एक्सप्रेस डिलीवरी की संख्या लगातार दूसरे महीने 17 अरब पार्सलों से अधिक रही, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोग की गुणवत्ता और दायरे को बढ़ावा मिला है। साथ ही, इसने विभिन्न उद्योगों के बीच समन्वित विकास और उपभोग की संभावनाओं को साकार करने के लिए आवश्यक वितरण व्यवस्था उपलब्ध कराई है।
अक्टूबर में एक्सप्रेस डिलीवरी उद्योग ने ई-कॉमर्स के बड़े प्रचार अभियानों सहित विभिन्न अवसरों पर बढ़ती पार्सल डिलीवरी की मांग को ध्यान में रखते हुए उत्पादन, बिक्री और परिवहन को जोड़ने वाली एकीकृत सेवा श्रृंखला विकसित की। इसके साथ ही, परिवहन क्षमता के बेहतर आवंटन और संसाधनों में निवेश को मजबूत किया गया, जिससे संतरे, ख़ुरमा, समुद्री खाद्य पदार्थों तथा गोमांस और भेड़ के मांस जैसे मौसमी उत्पादों की तेज और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिली। अनुमान के अनुसार, अक्टूबर में चीन का एक्सप्रेस डिलीवरी विकास सूचकांक 477.8 रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 0.5 प्रतिशत अधिक है।
उद्योग लगातार स्थिर गति से आगे बढ़ रहा है और इसमें निरंतर प्रगति हो रही है। इसका श्रेय समग्र परिवहन क्षमता और विशेष सेवाओं के लिए सहायता व्यवस्था में हो रहे निरंतर सुधार को जाता है। चीन के चच्यांग प्रांत के यीवू में एक्सप्रेस डिलीवरी और ई-कॉमर्स के एकीकरण के लिए नवाचार प्रदर्शन केंद्र का निर्माण तेज किया जा रहा है। वहीं, शानशी प्रांत के थाइयुआन और क्वांगतोंग प्रांत के यांगच्यांग में कोल्ड-चेन गोदामों का निर्माण पूरा कर उन्हें परिचालन में लाया गया है। अक्टूबर में इस उद्योग ने डिलीवरी नेटवर्क के विस्तार और सुधार का काम लगातार जारी रखा। इसके तहत प्रमुख परिवहन केंद्रों, मुख्य परिवहन मार्गों और अंतिम छोर तक डिलीवरी व्यवस्था की कमियों को दूर करने में तेजी लाई गई। साथ ही, हवाई, रेल और सड़क परिवहन सहित विभिन्न साधनों की क्षमता का समन्वित उपयोग किया गया, जिससे समग्र परिवहन सहायता क्षमता में सुधार देखने को मिला है।