चीन का दूसरा स्वदेशी क्रूज जहाज “आइता हुआछंग” अपनी पहली यात्रा पर हांगकांग पहुंचा

चीन का दूसरा पूरी तरह स्वदेशी रूप से निर्मित बड़ा क्रूज जहाज “आइता हुआछंग” 23 नवंबर को सफलतापूर्वक हांगकांग के काई तक क्रूज टर्मिनल पहुंचा।
चीन का दूसरा पूरी तरह स्वदेशी रूप से निर्मित बड़ा क्रूज जहाज “आइता हुआछंग” 23 नवंबर को सफलतापूर्वक हांगकांग के काई तक क्रूज टर्मिनल पहुंचा। इस अवसर पर जहाज पर उसके हांगकांग के पहले दौरे के स्वागत में एक समारोह आयोजित किया गया।
“आइता हुआछंग” ने 22 नवंबर को क्वांगचोऊ से अपनी पहली यात्रा शुरू की थी। यह 6 दिन और 5 रात की यात्रा पर हांगकांग और वियतनाम के शुनहुआ शहर के लिए रवाना हुआ। चीन के पहले स्वदेशी बड़े क्रूज जहाज “आइता मोतु” का सहयोगी जहाज होने के नाते, “आइता हुआछंग” का आकार अधिक बड़ा और बाहरी ढांचा अधिक लंबा एवं सुडौल है। इसकी कुल लंबाई 341 मीटर और कुल टन भार 1,41,900 टन है। इसमें 2,130 केबिन हैं और पूरी क्षमता के साथ यह 5,232 यात्रियों को ले जा सकता है।
समारोह में हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र की सरकार की संस्कृति, खेल एवं पर्यटन सचिव रो शुक-पेई ने कहा कि हांगकांग में “आइता हुआछंग” का स्वागत है। उन्होंने कहा कि हांगकांग को चीन की मुख्यभूमि का मजबूत समर्थन प्राप्त है और वह दुनिया से भी जुड़ा हुआ है। अपनी इस विशिष्ट स्थिति के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं और मुख्यभूमि चीन से जुड़ने वाले बेहतर हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का लाभ उठाकर हांगकांग “फ्लाई-क्रूज” और “रेल-क्रूज” जैसे यात्रा कार्यक्रम विकसित कर सकता है। इससे पर्यटकों को चीन में निर्मित क्रूज जहाजों पर एक अनूठी यात्रा का अनुभव मिलेगा।
चीन पर्यटन समूह के अधीन आइता क्रूज कंपनी इस जहाज का संचालन करती है। चीन पर्यटन समूह के अध्यक्ष शी ताई ने कहा कि समूह हांगकांग की “हर जगह पर्यटन” की अवधारणा को सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रहा है और हांगकांग को एशिया का अंतरराष्ट्रीय क्रूज केंद्र तथा विश्वस्तरीय पसंदीदा पर्यटन स्थल बनाने में योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि “आइता हुआछंग” चीनियों द्वारा स्वतंत्र रूप से डिजाइन, निर्मित और संचालित किया गया बड़ा क्रूज जहाज है। यह चीन की कहानियों को अपने साथ लेकर चलता है और हांगकांग के आकर्षण को प्रदर्शित करता है। यह समुद्री यात्रा के माध्यम से चीन को पर्यटन, विनिर्माण और समुद्री शक्ति के क्षेत्र में मजबूत बनाने में और अधिक योगदान देगा।