चीन में “5G+औद्योगिक इंटरनेट” परियोजनाओं की संख्या 27 हजार के पार

चित्र VCG से है।
चीन के उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, चीन में 5G तकनीक का उपयोग राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की सभी 97 प्रमुख श्रेणियों में किया जा रहा है, जबकि औद्योगिक इंटरनेट का दायरा उद्योग की सभी 41 प्रमुख श्रेणियों तक पहुंच चुका है।
आंकड़ों के अनुसार, चीन में अब तक अलग-अलग श्रेणियों और स्तरों के आधार पर विशिष्ट पहचान वाले 1,260 5G कारखाने स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा, एक निश्चित स्तर तक प्रभाव रखने वाले 360 से अधिक औद्योगिक इंटरनेट प्लेटफॉर्म विकसित किए गए हैं। इन प्रमुख प्लेटफॉर्मों से जुड़े औद्योगिक उपकरणों की संख्या 10 करोड़ से अधिक हो गई है। देशभर में “5G+औद्योगिक इंटरनेट” से जुड़ी 27 हजार से अधिक परियोजनाएं चल रही हैं। इन परियोजनाओं से विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में उत्पादन की गुणवत्ता और दक्षता बढ़ाने, लागत घटाने तथा बड़े पैमाने पर 5G और औद्योगिक इंटरनेट के एकीकरण के माध्यम से उद्योगों के उन्नयन को बढ़ावा मिला है।
हाल ही में, चीन के उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने वर्ष 2026 के लिए “5G+औद्योगिक इंटरनेट” के एकीकृत अनुप्रयोगों से संबंधित शहरी पायलट परियोजनाओं का काम औपचारिक रूप से शुरू किया। वर्ष 2024 में पहले चरण की शहरी पायलट परियोजनाओं के बाद यह पहल दोबारा शुरू की गई है। वर्ष 2024 में, उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने पहले चरण की शहरी पायलट परियोजनाओं के लिए 10 शहरों का चयन किया था। इनमें नानचिंग, वुहान, छिंगताओ, शनचेंन, सूचोऊ, शांगहाई, निंगपो, क्वांगचोऊ, शनयांग और छंगतू शामिल थे। पिछले दो वर्षों में इन शहरों ने अपनी भौगोलिक और औद्योगिक विशेषताओं का लाभ उठाते हुए “5G+औद्योगिक इंटरनेट” से जुड़े बुनियादी ढांचे के निर्माण को बढ़ावा दिया, विभिन्न उद्योगों में इसके अनुप्रयोगों का विस्तार किया और औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को विकसित एवं मजबूत करने के लिए सक्रिय कदम उठाए हैं। साथ ही, उन्होंने सार्वजनिक सेवाओं की क्षमता में लगातार सुधार किया है। इन प्रयासों से सकारात्मक प्रगति देखने को मिली और बड़े पैमाने पर “5G+औद्योगिक इंटरनेट” के अनुप्रयोग को बढ़ावा देने में इन शहरों ने अग्रणी भूमिका निभाई है।