शीत्सांग के शाननान से सेब के जैम की 5,000 डिब्बों की पहली खेप सऊदी अरब निर्यात
हाल ही में, शीत्सांग के शाननान में उत्पादित सेब से बने जैम के 5,000 डिब्बों को समुद्री मार्ग से शांगहाई होते हुए सऊदी अरब की राजधानी रियाद भेजा गया। इसके साथ ही, शाननान के छोटे आकार के सेब पहली बार प्रसंस्कृत उत्पाद के रूप में चीन से बाहर निर्यात किए गए। 22,500 अमेरिकी डॉलर मूल्य की इस खेप ने शाननान के विशेष कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण और विदेशी व्यापार निर्यात के क्षेत्र में एक नई शुरुआत की है। इस तरह स्थानीय उत्पादों को विदेशों तक पहुंचाने का सपना अब हकीकत में बदल गया है।
शाननान के छोटे आकार के सेब पठारी नदी घाटियों में उगाए जाते हैं। यहां लंबे समय तक धूप रहने और दिन-रात के तापमान में काफी अंतर होने के कारण इन सेबों में मिठास अच्छी मात्रा में होती है और इनका स्वाद भी बेहद खास होता है। ये सेब स्थानीय स्तर पर विकसित किए जा रहे प्रमुख विशिष्ट फल उद्योगों में शामिल हैं।
हालांकि, अच्छे उत्पाद होने के बावजूद पहले इन्हें पहाड़ी इलाकों से बाहर पहुंचाना आसान नहीं था। लंबी दूरी तक परिवहन, ताजगी बनाए रखने में कठिनाई और बिक्री के सीमित साधनों के कारण शाननान के फल किसानों को अच्छी उपज होने के बावजूद अपेक्षित आमदनी नहीं हो पाती थी। इस समस्या को दूर करने के लिए, आनहुई प्रांत के नौवें शीत्सांग सहायता कार्यदल ने स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने और उनकी आत्मनिर्भर क्षमता विकसित करने पर ध्यान दिया। इसके तहत सेब के गहन प्रसंस्करण और विदेशी बाजारों में निर्यात को प्रमुख अवसर के रूप में चुना गया। कार्यदल द्वारा स्थानीय उद्यमों को विकसित करने, कंपनियों को उत्पादन श्रृंखला का विस्तार करने में सहायता देने और पठारी क्षेत्रों के फलों को ताजे फल के रूप में बेचने के बजाय उनसे बने प्रसंस्कृत उत्पादों के रूप में बाजार तक पहुंचाने को प्रोत्साहित किया गया।