चीन में न्यू डेवलपमेंट बैंक के पांडा बॉन्ड जारी करने का आंकड़ा 100 अरब युआन के पार
शांगहाई में मुख्यालय वाले न्यू डेवलपमेंट बैंक ने 19 नवंबर की शाम घोषणा की कि उसने चीन के अंतर-बैंक बॉन्ड बाजार में हाल ही में 8 अरब युआन मूल्य के पांडा बॉन्ड जारी किए हैं। इसके साथ ही, चीन में बैंक द्वारा अब तक जारी किए गए पांडा बॉन्ड की कुल राशि 100 अरब युआन के आंकड़े को पार कर गई है। इसे न्यू डेवलपमेंट बैंक और पांडा बॉन्ड बाजार, दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
न्यू डेवलपमेंट बैंक के उपाध्यक्ष एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी फू दाओपेंग ने कहा, “बैंक द्वारा अब तक जारी किए गए पांडा बॉन्ड की कुल राशि का 100 अरब युआन से अधिक होना, स्थानीय मुद्रा में वित्तपोषण के प्रति बैंक की निरंतर प्रतिबद्धता और पांडा बॉन्ड बाजार में उसकी अग्रणी स्थिति को दर्शाता है।” उन्होंने आगे कहा कि न्यू डेवलपमेंट बैंक प्रतिस्पर्धी शर्तों पर धन जुटाना जारी रखेगा, ताकि बुनियादी ढांचे और सतत विकास से जुड़ी परियोजनाओं को वित्तीय सहायता दी जा सके। इसके साथ ही, बैंक अपने वित्तपोषण के स्रोतों में विविधता लाने और निवेशकों का आधार बढ़ाने के प्रयास भी करेगा।
न्यू डेवलपमेंट बैंक की स्थापना वर्ष 2015 में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका ने संयुक्त रूप से की थी। यह एक बहुपक्षीय विकास बैंक है, जिसका उद्देश्य ब्रिक्स देशों तथा अन्य उभरती अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों में बुनियादी ढांचे एवं सतत विकास से जुड़ी परियोजनाओं को सहायता प्रदान करना है। यह मौजूदा बहुपक्षीय और क्षेत्रीय वित्तीय संस्थानों के पूरक के रूप में काम करते हुए वैश्विक विकास और आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देता है।