चीन के 8 प्रांतों और शहरों में 6जी नवाचार एवं विकास के लिए संयुक्त पायलट परियोजनाओं को मंजूरी

17 नवंबर को चीन के उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, मंत्रालय ने पेइचिंग, हपेई प्रांत, शांगहाई, च्यांग्सू प्रांत, चच्यांग प्रांत, आनहुई प्रांत, हुबेई प्रांत और क्वांगतोंग प्रांत सहित 8 प्रांतों एवं शहरों में 6जी नवाचार एवं विकास के लिए केंद्र और स्थानीय सरकारों के बीच समन्वित पायलट परियोजनाएं शुरू करने को मंजूरी दी है। इस पहल का उद्देश्य इन क्षेत्रों के उपलब्ध संसाधनों और क्षमताओं को एकजुट करना तथा केंद्र और स्थानीय सरकारों के बीच समन्वय के माध्यम से 6जी तकनीक में नवाचार, औद्योगिक विकास और इसके अनुप्रयोगों को बढ़ावा देना है।

इससे पहले, उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने “6जी नवाचार एवं विकास के लिए केंद्र और स्थानीय सरकारों के बीच समन्वित पायलट पहल आयोजित करने संबंधी सूचना” जारी किया था। इसमें “समग्र योजना, स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कार्य, नवाचार आधारित विकास और आदर्श मॉडल के माध्यम से नेतृत्व” के सिद्धांतों के तहत संयुक्त नवाचार के प्रमुख कार्य निर्धारित किए गए थे। इसका उद्देश्य पूरे चीन में 6जी नवाचार के लिए एक देशव्यापी समन्वित व्यवस्था विकसित करना है।

इस सूचना के अनुसार, स्वैच्छिक आवेदन, दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच, मौके पर मूल्यांकन और संबंधित पक्षों से राय लेने जैसी प्रक्रियाओं के बाद इन 8 प्रांतों एवं शहरों को पायलट परियोजनाओं के लिए चुना गया। इन क्षेत्रों में 6जी के अंतरराष्ट्रीय मानकों और औद्योगिक अनुसंधान एवं विकास की गति के अनुरूप काम किया जाएगा। साथ ही, स्थानीय उद्योगों की मौजूदा क्षमताओं को ध्यान में रखते हुए 6जी अनुप्रयोगों से जुड़े उद्योगों को विकसित करने, बुनियादी औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने और नए प्रकार के उत्पादों के विकास के रास्ते तलाशने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इन पायलट परियोजनाओं के तहत प्रत्येक क्षेत्र अपनी विशेषताओं के अनुसार काम करेगा। इसके लिए नए प्रकार के टर्मिनल उपकरणों, प्रमुख घटकों, ऑपरेटिंग सिस्टम और सैटेलाइट इंटरनेट जैसे 6जी से जुड़े उद्योगों के विकास पर ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, इमर्सिव कम्युनिकेशन, औद्योगिक विनिर्माण, एम्बॉडीड इंटेलिजेंस, निम्न-ऊंचाई वाली अर्थव्यवस्था (ड्रोन और उनसे जुड़ी सेवाओं पर आधारित आर्थिक गतिविधियां) और स्मार्ट समुद्री क्षेत्र जैसे 6जी के संभावित अनुप्रयोगों में इसकी उपयोगिता तलाशने का प्रयास किया जाएगा। इस तरह तकनीकी नवाचार को औद्योगिक जरूरतों से जोड़ते हुए प्रत्येक क्षेत्र के लिए एक-दूसरे के पूरक 6जी विकास मॉडल तैयार किए जाएंगे।