चीन-लाओस रेलवे पर सीमा पार यात्रियों की संख्या 3 लाख के पार
इस वर्ष 16 नवंबर तक, चीन-लाओस रेलवे से सीमा पार यात्रा करने वाले यात्रियों की कुल संख्या 3,00,600 तक पहुंच गई, जो पहली बार 3 लाख के आंकड़े को पार कर गई है।
चाइना रेलवे के खुनमिंग ब्यूरो समूह कंपनी लिमिटेड के विदेशी सहयोग विभाग के एक संबंधित अधिकारी ने बताया कि 13 अप्रैल 2023 को चीन-लाओस रेलवे पर अंतरराष्ट्रीय यात्री रेलगाड़ियों का परिचालन शुरू होने के बाद से खुनमिंग और वियंतियाने के बीच चलने वाली अंतरराष्ट्रीय यात्री रेलगाड़ियों की संख्या प्रतिदिन 2 से बढ़कर 4 हो गई है। प्रत्येक यात्रा में उपलब्ध सीमा पार सीटों की संख्या भी 250 से बढ़कर 420 हो गई है। वहीं, मोहान रेलवे सीमा चौकी पर सीमा पार आव्रजन प्रक्रिया का समय घटकर लगभग 50 मिनट रह गया है। अब खुनमिंग से वियंतियाने तक सुबह रवाना होकर शाम तक पहुंचना रोजमर्रा की बात हो गई है।
खुनमिंग यात्री परिवहन अनुभाग की अंतरराष्ट्रीय रेलगाड़ी की प्रमुख मियाओ च्यांगना कई वर्षों से D87/88 अंतरराष्ट्रीय यात्री रेलगाड़ी में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से देखा है कि कैसे रेलगाड़ियों में विदेशी यात्रियों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ी है। उन्होंने बताया, “अब रेलगाड़ी में लाओस, थाईलैंड, वियतनाम और दक्षिण कोरिया समेत कई देशों के पर्यटक समूह और शैक्षिक भ्रमण पर आए दल अक्सर सफर करते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए हम चीनी, लाओ और अंग्रेजी भाषाओं में घोषणाएं करते हैं, प्रवेश और निकास संबंधी फॉर्म भरने में उनकी मदद करते हैं तथा विशेष सहायता की जरूरत वाले यात्रियों पर पूरी यात्रा के दौरान ध्यान देते हैं।”
अब तक, चीन-लाओस रेलवे की अंतरराष्ट्रीय यात्री रेलगाड़ियों से 120 से अधिक देशों और क्षेत्रों के कुल 9.78 लाख सीमा पार यात्रियों ने सफर किया है। “बुलेट ट्रेन से लाओस की सैर” और “बुलेट ट्रेन से युन्नान की सैर” जैसे पर्यटन लगातार लोकप्रिय हो रहे हैं। रेलवे विभाग ने मार्ग के विभिन्न स्टेशनों पर अंतरराष्ट्रीय टिकटों के लिए विशेष काउंटर खोले हैं। साथ ही, विदेशी बैंक कार्ड और विभिन्न पहचान पत्रों के माध्यम से टिकट खरीदने की सुविधा तथा तीन भाषाओं में सेवाएं उपलब्ध कराई हैं। इससे रेलवे मार्ग के आसपास के पर्यटन स्थलों, होटलों और रेस्तरां सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपभोक्ता खर्च में 35 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।