चीन ने स्वदेशी रूप से विकसित इलेक्ट्रॉनिक नौवहन लॉग सिस्टम जारी किया

16 नवंबर को, चीन के परिवहन मंत्रालय के समुद्री मामलों के ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार, चीन ने उसी दिन स्वदेशी रूप से विकसित इलेक्ट्रॉनिक नौवहन लॉग प्रणाली जारी की। यह उपलब्धि चीन में समुद्री परिवहन से जुड़े बुनियादी दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौवहन लॉग जहाजों की यात्रा का कानूनी रूप से अनिवार्य मूल रिकॉर्ड होता है। यह समुद्री दुर्घटनाओं की जांच, उनके कारणों का पता लगाने और जिम्मेदारी तय करने का भी एक प्रमुख आधार है। इस बार जारी की गई इलेक्ट्रॉनिक नौवहन लॉग प्रणाली में हाथ से लिखकर रिकॉर्ड तैयार करने के बजाय जानकारी अपने आप दर्ज होती है। जहाज और तटवर्ती केंद्रों के बीच डेटा के समन्वय से जहाजों के प्रबंधन की प्रक्रिया भी बदल जाएगी। अब कागजी रिकॉर्ड देखने के बजाय डिजिटल डेटा के माध्यम से जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इसके अलावा, डिजिटल हस्ताक्षर और ब्लॉकचेन तकनीक के जरिए रिकॉर्ड की प्रामाणिकता सुनिश्चित की जाएगी और उनमें किसी तरह की छेड़छाड़ को रोका जा सकेगा। इससे समुद्री सुरक्षा निगरानी और बंदरगाह राज्य नियंत्रण (Port State Control) के तहत होने वाली जांच के लिए विश्वसनीय आधार उपलब्ध होगा।

इलेक्ट्रॉनिक नौवहन लॉग प्रणाली का चार मालवाहक जहाजों पर वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण पूरा हो चुका है। परीक्षण के दौरान बुनियादी जानकारी अपने आप दर्ज करने और डेटा वापस भेजने जैसी सुविधाओं का संचालन स्थिर और संतोषजनक पाया गया। योजना के अनुसार, जनवरी 2027 में विभिन्न प्रकार के जहाजों, अलग-अलग टन भार और विभिन्न समुद्री मार्गों पर चलने वाले जहाजों में इसका वास्तविक परीक्षण किया जाएगा।