जनवरी-अक्टूबर तक चीन के रेलवे क्षेत्र में 677.3 अरब युआन का निवेश

चीन राष्ट्रीय रेलवे समूह कंपनी लिमिटेड से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष जनवरी-अक्टूबर तक चीन में रेलवे क्षेत्र में 677.3 अरब युआन का निवेश किया गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 0.9 प्रतिशत अधिक है। ये आंकड़े दर्शाते है कि रेलवे में निवेश का स्तर ऊंचा बना हुआ है और इससे निवेश को बढ़ावा देने में रेलवे क्षेत्र की भूमिका प्रभावी रही है।

अक्टूबर माह की शुरुआत से, चीन राष्ट्रीय रेलवे समूह ने विभिन्न संसाधनों और शक्तियों का समन्वय करते हुए आधुनिक तकनीकों एवं निर्माण विधियों का अभिनव उपयोग किया है। इसके परिणामस्वरूप कई प्रमुख रेलवे परियोजनाओं में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। थियानफू न्यू एरिया से फुच्यांग तक की रेलवे लाइन पर औपचारिक रूप से परिचालन शुरू हो गया है। यह लाइन छंगतू-याआन रेलवे और छंगतू-त्सकुंग-यीपिन हाई-स्पीड रेलवे से जुड़ गई है। अब याआन से तियानफू हवाई अड्डा रेलवे स्टेशन तक सबसे कम 80 मिनट में पहुंचा जा सकता है। हुआइबेई-सुचोऊ-पंगपू इंटरसिटी रेलवे, फूयांग-मंगछंग-सुचोऊ (हुआइबेई) रेलवे और छाओहू-माआनशान इंटरसिटी रेलवे में परीक्षण परिचालन शुरू हो गया है, जिससे इन रेलवे लाइनों पर जल्द ही नियमित वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, छोंगछिंग-वानचोऊ हाई-स्पीड रेलवे और यिनछ्वान-बायानहाओथो रेलवे में संयुक्त परीक्षण एवं परिचालन जांच शुरू हो गई है। छोंगछिंग-खुनमिंग हाई-स्पीड रेलवे के यीपिन से कुनमिंग तक के दक्षिण खंड में पटरियां बिछाने का काम पूरा हो गया है। इसके अलावा, छंगतू-ताचोऊ-वानचोऊ हाई-स्पीड रेलवे, लानचोऊ-चांग्ये हाई-स्पीड रेलवे के वूवेई-चांग्ये खंड और नन्थोंग-निंगपो हाई-स्पीड रेलवे में भी पटरियां बिछाने का काम भी शुरू किया जा चुका है।