शनचन में एपेक विश्वविद्यालय नेताओं का मंच आयोजित
दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत के शनचन शहर में 16 नवंबर को एपेक (APEC) विश्वविद्यालय नेताओं का मंच आयोजित किया गया। हांगकांग चीनी विश्वविद्यालय (CUHK) के शनचन परिसर में हुए इस कार्यक्रम में 14 एपेक अर्थव्यवस्थाओं सहित 24 देशों और क्षेत्रों के 59 विश्वविद्यालयों के प्रमुख एक साथ जुटे। इस दौरान सभी नेताओं ने इस बात पर विस्तार से चर्चा की कि उच्च शिक्षा के जरिए एशिया-प्रशांत क्षेत्र के विकास को कैसे और अधिक गति दी जा सकती है।
"खुलापन, नवाचार और समावेशन: एशिया-प्रशांत क्षेत्र के समृद्ध भविष्य में विश्वविद्यालयों का योगदान" विषय पर आधारित इस मंच ने शिक्षा जगत और उद्योग जगत के बीच सीधा संवाद कायम किया। चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने इस बात पर सहमति जताई कि उच्च शिक्षा की मुख्य जिम्मेदारी प्रतिभाओं को तराशना, वैज्ञानिक और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना और विभिन्न सभ्यताओं के बीच आपसी सीख को प्रोत्साहित करना है।
इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में उच्च शिक्षा के स्तर पर साझेदारी बढ़ाने के लिए आपसी सहयोग को और गहरा करना होगा। उनके मुताबिक, संयुक्त पाठ्यक्रम विकास, साझा शोध और शिक्षकों व छात्रों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने के लिए एपेक मंच का भरपूर लाभ उठाया जाना चाहिए, ताकि पूरे क्षेत्र के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को मजबूत आधार मिल सके।
इस मौके पर CUHK (शनचन) के अध्यक्ष श्य्वी यांगशंग ने कहा कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र के विश्वविद्यालयों के बीच तालमेल बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेहतरीन प्रतिभाओं को तैयार करने और उद्योगों तक नई तकनीक पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालयों व उद्योग जगत की साझेदारी इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की समृद्धि और स्थिरता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
वहीं, प्रशांत रिम विश्वविद्यालयों के संघ (APRU) के सीईओ थॉमस श्नाइडर ने कहा कि मौजूदा एपेक बैठक का मुख्य उद्देश्य एशिया-प्रशांत समुदाय का निर्माण करना और साझा समृद्धि को बढ़ावा देना है, जिसमें विश्वविद्यालयों का सहयोग अहम भूमिका निभाता है। उनके विचार से, क्षेत्रीय स्तर पर नवाचार आधारित विकास हासिल करने के लिए विश्वविद्यालयों को अपनी साझेदारी मजबूत करनी होगी, उद्योग और समाज को जोड़ने वाले पुल बनाने होंगे और नए विचारों को लगातार प्रोत्साहित करना होगा।