चीन ने अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ की परिषद में अपनी सदस्यता बरकरार रखी
अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) की 2026 की पूर्णाधिकारी सभा में 16 नवंबर को संघ की परिषद के सदस्य देशों और रेडियो विनियमन बोर्ड के सदस्यों का चुनाव पूरा हुआ। इस चुनाव में चीन अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ की परिषद के सदस्य देश के रूप में (2027–2030) फिर से निर्वाचित हुआ। वहीं, चीन के उम्मीदवार और चीनी राष्ट्रीय डेटा समूह कंपनी लिमिटेड के निदेशक छंग च्येनच्युन भी रेडियो विनियमन बोर्ड के सदस्य के रूप में (2027–2030) दोबारा निर्वाचित हुए।
अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ संयुक्त राष्ट्र की सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विशेषज्ञ एजेंसी है। यह वैश्विक रेडियो स्पेक्ट्रम और उपग्रह कक्षाओं के संसाधनों के आवंटन का समन्वय करने, वैश्विक संचार प्रौद्योगिकी मानक निर्धारित करने तथा संचार बुनियादी ढांचे के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए जिम्मेदार है। अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ की परिषद में 48 सदस्य देश होते हैं, जो दो पूर्णाधिकारी सम्मेलनों के बीच संगठन के प्रबंधन निकाय की जिम्मेदारियां निभाती है। वहीं, रेडियो विनियमन बोर्ड में 12 विशेषज्ञ होते हैं। यह रेडियो विनियमों की व्याख्या करने, नियमों से जुड़ी प्रक्रियाओं को पूरक एवं बेहतर बनाने तथा सदस्य देशों के बीच रेडियो फ्रीक्वेंसी में हस्तक्षेप जैसी समस्याओं के समाधान में समन्वय स्थापित करने का काम करता है।
1972 में अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ में अपना वैध स्थान फिर से हासिल करने के बाद से चीन लगातार इसकी परिषद का सदस्य रहा है। चीन ने हमेशा रचनात्मक रुख अपनाते हुए आईटीयू के कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लिया है और कई प्रमुख क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय मानकों के निर्माण का नेतृत्व किया है। साथ ही, उसने सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी को विभिन्न उद्योगों और क्षेत्रों के साथ गहराई से जोड़ने की प्रक्रिया को तेज किया है। इस बार आईटीयू परिषद के सदस्य देश के रूप में दोबारा निर्वाचित होने के बाद, चीन वैश्विक डिजिटल शासन व्यवस्था के निर्माण में सक्रिय भागीदारी जारी रखते हुए खुलेपन और समावेशिता पर आधारित मानक व्यवस्था के विकास को बढ़ावा देगा। इसके अलावा, रेडियो स्पेक्ट्रम संसाधनों के विकास एवं उपयोग, अंतरराष्ट्रीय आदान-प्रदान एवं सहयोग तथा विशेषज्ञों की टीम तैयार करने जैसे क्षेत्रों में भी चीन अपने अनुभव और समाधान साझा करेगा। इसके माध्यम से वह वैश्विक सूचना एवं संचार उद्योग के विकास और वैश्विक रेडियो प्रशासन को बढ़ावा देने में योगदान देगा।