पिछले वर्ष चीन में बिजली का कुल बाजार आधारित कारोबार 66.4 खरब किलोवाट-घंटा रहा
हाल ही में, चीन विद्युत परिषद के तत्वावधान में वर्ष 2026 का चौथा विद्युत बाजार विकास मंच पेइचिंग में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जारी “राष्ट्रीय एकीकृत विद्युत बाजार मूल्यांकन रिपोर्ट” के अनुसार, चीन में बिजली के बाजार आधारित लेन-देन का दायरा लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2025 में चीन में बिजली का कुल बाजार आधारित कारोबार 66.4 खरब किलोवाट-घंटा बिजली तक पहुंच गया, जो 10 वर्ष पहले की तुलना में छह गुना से अधिक है। इस दौरान इसकी औसत वार्षिक वृद्धि दर 20 प्रतिशत से अधिक रही और बाजार आधारित लेन-देन की हिस्सेदारी 64 प्रतिशत तक पहुंच गई।
रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन में एकीकृत विद्युत बाजार व्यवस्था का प्रारंभिक ढांचा तैयार हो चुका है और संसाधनों के आवंटन में बाजार की भूमिका उल्लेखनीय रूप से मजबूत हुई है। बिजली की सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करने, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने, बिजली की कीमतों को स्थिर रखने तथा आम लोगों और अर्थव्यवस्था को लाभ पहुंचाने में इस व्यवस्था ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। चीन में विद्युत बाजार से जुड़ी व्यावसायिक इकाइयों को विकसित करने के प्रयासों के भी उल्लेखनीय परिणाम मिले हैं। देशभर की बिजली व्यापार संस्थाओं में पंजीकृत व्यावसायिक इकाइयों की संख्या 10.9 लाख से अधिक हो गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 33.6 प्रतिशत अधिक है। यह संख्या “14वीं पंचवर्षीय योजना” की शुरुआत के समय की तुलना में दोगुनी हो गई है। बिजली उत्पादन और खपत, दोनों पक्षों की लगभग 70 प्रतिशत इकाइयां बाजार में भाग ले रही हैं। वहीं, बिजली ग्रिड कंपनियों द्वारा एजेंसी के माध्यम से बिजली खरीदने का अनुपात लगातार घट रहा है, जिससे बाजार में खरीदारों और विक्रेताओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
बिजली बाजार में लेन-देन के विभिन्न प्रकार लगातार बढ़ रहे हैं। मध्यम एवं दीर्घकालिक बाजार में नियमित रूप से कारोबार हो रहा है और अलग-अलग समयावधियों के आधार पर बिजली के लेन-देन का निपटारा किया जा रहा है। स्पॉट मार्केट (तत्काल बिजली बाजार) की व्यवस्था भी लगातार बेहतर हो रही है। 21 प्रांतों में नई ऊर्जा कंपनियां बिजली की मात्रा और कीमत की बोली देकर स्पॉट मार्केट में भाग ले रही हैं। वहीं, कान्सू, शानतोंग और चच्यांग जैसे क्षेत्रों ने उपभोक्ता पक्ष से बिजली की मात्रा और कीमत की बोली देने की प्रक्रिया सबसे पहले शुरू की है। मध्यम एवं दीर्घकालिक बाजार तथा स्पॉट मार्केट के बीच तालमेल लगातार बेहतर हो रहा है। कुछ प्रांतों में महीने के भीतर होने वाले बिजली कारोबार की कीमतों की अधिकतम और न्यूनतम सीमाओं को धीरे-धीरे स्पॉट मार्केट के अनुरूप बनाया जा रहा है। बिजली की आवृत्ति को नियंत्रित करने वाली सहायक सेवा का बाजार 26 प्रांतों तक फैल चुका है। इसके अलावा, बिजली उत्पादन में तेजी से बदलाव करने और अतिरिक्त बिजली उपलब्ध रखने जैसी नई सेवाएं भी शुरू की जा रही हैं। हरित बिजली और हरित ऊर्जा प्रमाणपत्रों का कारोबार क्रमशः 328.5 अरब किलोवाट-घंटा और 93 करोड़ तक पहुंच गया, जिसमें उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।