पहले 10 महीनों के आंकड़े दर्शाते हैं चीन के ऑटो उद्योग का नवाचार और स्मार्ट विकास की ओर बढ़ता सफर


चित्र शिन्हुआ एजेंसी से है

चीन ऑटोमोबाइल उद्योग संघ द्वारा 11 नवंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 में नई ऊर्जा से चलने वाले वाहनों (एनईवी) का उत्पादन और बिक्री क्रमशः 20.17 लाख और 19.4 लाख इकाई रही। इसमें पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में क्रमशः 13.8 प्रतिशत और 13.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, नए वाहनों की कुल मासिक बिक्री में नई ऊर्जा वाहनों की हिस्सेदारी लगातार बढ़कर 64.3 प्रतिशत तक पहुंच गई। समग्र रूप से, इस वर्ष के पहले 10 महीनों में चीन में कुल 2 करोड़ 63 लाख 18 हजार वाहनों का उत्पादन हुआ, जबकि 2 करोड़ 62 लाख 86 हजार वाहन बेचे गए। इनमें 1 करोड़ 45 लाख 9 हजार नई ऊर्जा वाहनों का उत्पादन हुआ, जबकि 1 करोड़ 44 लाख 11 हजार वाहन बेचे गए, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में क्रमशः 11.5 प्रतिशत और 11.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस दौरान कुल नए वाहनों की बिक्री में नई ऊर्जा वाहनों की संचयी हिस्सेदारी बढ़कर 54.8 प्रतिशत हो गई।

इस वर्ष चीनी राष्ट्रीय दिवस की छुट्टियों के दौरान आयोजित 2026 चीन (थ्येनचिन) अंतरराष्ट्रीय ऑटोमोबाइल प्रदर्शनी में कई नए वाहन मॉडल और नई तकनीकों को एक साथ पेश किया गया, जिनमें स्मार्ट कनेक्टेड वाहन, विद्युतीकरण और स्मार्ट कॉकपिट प्रमुख आकर्षण रहे। साथ ही, ऑटोमोबाइल की उपभोक्ता मांग का दायरा बढ़कर सप्ताहांत की यात्राओं और बाहरी मनोरंजन जैसी गतिविधियों तक पहुंच रहा है।

स्मार्ट कनेक्टेड नई ऊर्जा वाहन ऑटोमोबाइल उद्योग के रूपांतरण और उन्नयन की प्रमुख दिशा हैं। हाल ही में जारी “स्मार्ट कनेक्टेड नई ऊर्जा वाहन उद्योग विकास की 15वीं पंचवर्षीय योजना” में नई पीढ़ी की स्मार्ट कनेक्टेड नई ऊर्जा वाहन प्रौद्योगिकी प्रणाली विकसित करने और “संपूर्ण वाहन एवं कलपुर्जों के बीच समन्वय” का नया मॉडल तैयार करने जैसे उपाय प्रस्तावित किए गए हैं, जिनका उद्देश्य उद्योग के नए स्वरूपों की जरूरतों को पूरा करना है। च्यांग्शी प्रांत के फूचोऊ हाई-टेक औद्योगिक विकास क्षेत्र स्थित नई ऊर्जा वाहन औद्योगिक पार्क में बीवाईडी (BYD) के उत्पादन संयंत्र में दूसरी पीढ़ी की ब्लेड बैटरियों का उत्पादन पूरी क्षमता के साथ किया जा रहा है। इसके अलावा, हाल के वर्षों में फूचोऊ ने नई ऊर्जा वाहन उद्योग का प्रमुख केंद्र विकसित करने को प्राथमिकता दी है। इसके परिणामस्वरूप, यहां एक विशाल ऑटोमोबाइल औद्योगिक पार्क तेजी से विकसित किया जा रहा है, जिसका औद्योगिक उत्पादन मूल्य 1 खरब युआन तक पहुंचने की उम्मीद है।

स्मार्ट कनेक्टेड नई ऊर्जा वाहन प्रौद्योगिकी प्रणाली के तेजी से विकास और औद्योगिक सहयोग के लगातार गहराने के साथ, चीन का ऑटोमोबाइल उद्योग नवाचार और स्मार्ट विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस तरह वह अपनी प्रतिस्पर्धी बढ़त को मजबूत करने, बाजार का विस्तार करने और उच्च गुणवत्ता वाले विकास को नई गति देने का प्रयास कर रहा है।