चीन के पहले छोटे और मध्यम आकार के वाणिज्यिक सौर ऊर्जा चालित ड्रोन ने भरी पहली सफल उड़ान
चीन एयरोस्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी कॉरपोरेशन के 11वें अनुसंधान संस्थान से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को संस्थान द्वारा स्वतंत्र रूप से विकसित छोटे और मध्यम आकार के पूर्णतः सौर ऊर्जा चालित “छिंग छीपिंग” ड्रोन, जिसे अंग्रेजी में “लाइट कैवेलरी” नाम से भी जाना जाता है, ने उत्तर-पश्चिम चीन के एक हवाई अड्डे से अपनी पहली सफल उड़ान भरी। इसके साथ ही चीन में सौर ऊर्जा से चलने वाले कम ऊंचाई पर उड़ान भरने वाले विमानों के व्यावसायिक उपयोग के एक नए दौर की शुरुआत हुई है।
उड़ान के दौरान “छिंग छीपिंग” ड्रोन ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मोटर चालू की, सुचारु रूप से आगे बढ़ा, गति पकड़कर जमीन से उड़ान भरी और निर्धारित ऊंचाई तक पहुंचा। इसके बाद उसने हवाई अड्डे के ऊपर चक्कर लगाए और वापस लौटकर सुरक्षित लैंडिंग की। इस उड़ान में उड़ान नियंत्रण, एवियोनिक्स, ऊर्जा भंडारण और संचालन एवं नियंत्रण प्रणालियों से जुड़े सभी प्रमुख परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए गए। अंत में ड्रोन ने सटीकता और स्थिरता के साथ लैंडिंग की। उसकी स्थिति अच्छी रही और सभी प्रणालियां सामान्य रूप से काम करती पाई गईं। इस तरह उसकी पहली उड़ान पूरी तरह सफल रही।
“छिंग छीपिंग” नामक यह ड्रोन पूरी तरह सौर ऊर्जा पर निर्भर रहने वाला एक विद्युत चालित विमान है। इसकी प्रमुख खूबियों में लंबे समय तक उड़ान भरने की क्षमता, तेजी से तैनाती और आसान रखरखाव शामिल हैं। इस ड्रोन की लंबाई 3.2 मीटर, पंखों का फैलाव 8 मीटर और अधिकतम निर्धारित उड़ान अवधि 30 घंटे है। इसका उड़ान भरते समय कुल वजन 45 किलोग्राम है और यह अधिकतम 7,000 मीटर की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है। इसके अलावा, यह 5 किलोग्राम से अधिक वजन का मिशन संबंधी उपकरण ले जाने में सक्षम है। इस ड्रोन में इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल उपकरण, संचार और निगरानी प्रणालियों सहित विभिन्न प्रकार के व्यावसायिक उपकरण तेजी से लगाए जा सकते हैं, जिसे वाहन पर रखकर बिना रनवे के उड़ान भरने के लिए तैयार किया जा सकता है। जमीन पर इसकी तैनाती की तैयारी में केवल 20 मिनट लगते हैं। इसे किसी निश्चित सामान्य विमानन हवाई अड्डे की आवश्यकता नहीं होती और यह पहाड़ी इलाकों, समुद्री तटों तथा निर्जन क्षेत्रों जैसे दुर्गम स्थानों पर भी तेजी से तैनात किया जा सकता है।