जनवरी-अक्टूबर अवधि में चीन के वस्तु आयात-निर्यात में 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज
चीन के सीमा शुल्क महानिदेशालय द्वारा 10 नवंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष जनवरी-अक्टूबर अवधि में चीन के वस्तु व्यापार में स्थिरता के साथ निरंतर प्रगति का रुझान बना रहा। इस दौरान आयात-निर्यात का कुल मूल्य 448.1 खरब युआन रहा, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है। इसमें निर्यात 259.9 खरब युआन रहा, जिसमें 17.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि आयात 188.2 खरब रहा, जो 23.6 प्रतिशत अधिक है।
व्यापार संरचना में लगातार सुधार हुआ है और सामान्य व्यापार तथा प्रसंस्करण व्यापार, दोनों के आयात-निर्यात में वृद्धि दर्ज की गई। जनवरी-अक्टूबर अवधि में, चीन का सामान्य व्यापार 268 खरब युआन रहा, जो 13.2 प्रतिशत अधिक है। वहीं, प्रसंस्करण व्यापार 89.2 खरब युआन रहा, जिसमें 28.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। सीमा शुल्क बंधित लॉजिस्टिक्स के तहत आयात-निर्यात 76.9 खरब युआन रहा, जो 44.1 प्रतिशत अधिक है।
विभिन्न बाजारों में व्यापार विस्तार के भी सकारात्मक परिणाम मिले हैं। इसी अवधि में, चीन और आसियान के बीच व्यापार का कुल मूल्य 76.8 खरब युआन रहा, जो 24.2 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में चीन और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार 52.9 खरब युआन रहा, जिसमें 8.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, चीन और अमेरिका के बीच व्यापार 35.9 खरब युआन रहा, जो 6.3 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान, “बेल्ट एंड रोड” के संयुक्त निर्माण में भाग लेने वाले देशों के साथ चीन का कुल आयात-निर्यात 228.8 खरब युआन रहा, जिसमें 18.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
बाजार में विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक इकाइयों की सक्रियता में बढ़ोतरी भी देखने को मिली। जनवरी-अक्टूबर अवधि में, निजी उद्यमों का आयात-निर्यात 254.6 खरब युआन रहा, जो 20.1 प्रतिशत अधिक है। वहीं, विदेशी निवेश वाली कंपनियों का आयात-निर्यात 131.5 खरब युआन रहा, जिसमें 20.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई।