हार्पिन में 2026-2027 हिम एवं बर्फ संस्कृति कला महोत्सव शुरू

हार्पिन हिम एवं बर्फ संस्कृति कला महोत्सव।(VCG)
हाल ही में, “बर्फ और हिम से बर्फ नगरी में कला का संगम” 2026-2027 हार्पिन हिम एवं बर्फ संस्कृति कला महोत्सव का उद्घाटन समारोह हार्पिन ग्रैंड थिएटर में आयोजित किया गया। इस महोत्सव का आयोजन हेइलोंगच्यांग प्रांत के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि इसका आयोजन हार्पिन शहर के संस्कृति प्रसारण एवं पर्यटन ब्यूरो द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान हिम एवं बर्फ विषय पर आधारित प्रचार फिल्मों का प्रदर्शन किया गया तथा महोत्सव की मुख्य रूपरेखा, प्रमुख नाट्य प्रस्तुतियों और जन-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही, पूरे शीतकाल तक चलने वाले इस हिम एवं बर्फ संस्कृति कला महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
यह महोत्सव नवंबर 2026 से फरवरी 2027 तक चलेगा और 2026-2027 के हार्पिन हिम एवं बर्फ पर्यटन सत्र के साथ आयोजित होगा। “बर्फ और हिम से बर्फ नगरी में कला का संगम” विषय पर आधारित इस महोत्सव को 43वें चीन-हार्पिन अंतरराष्ट्रीय हिम एवं बर्फ महोत्सव के महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित किया गया है। इसके तहत सात प्रमुख श्रेणियों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विशेष संगीत समारोह, उत्कृष्ट नाट्य प्रस्तुतियां, स्थानीय मौलिक नाटक, जन-सांस्कृतिक कार्यक्रम, पर्यटन स्थलों और सड़कों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कला प्रसार एवं चित्रकला-कैलीग्राफी आयोजन तथा आधुनिक व्यावसायिक एवं उत्सव संबंधी कार्यक्रम शामिल हैं। महोत्सव के दौरान कुल 159 प्रमुख गतिविधियां और 2,270 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के जरिए सांस्कृतिक पहचान मजबूत करना, व्यावसायिक आयोजनों के माध्यम से उपभोग को बढ़ावा देना, जन-सांस्कृतिक कार्यक्रमों से आम लोगों को लाभ पहुंचाना, उत्सवों के जरिए शहर में उल्लासपूर्ण माहौल बनाना और संस्कृति एवं पर्यटन का बेहतर समन्वय करना है। इसके साथ ही, हार्पिन की “विश्व संगीत नगरी” की पहचान को और मजबूत करने तथा सभी क्षेत्रों, सभी मौसमों और सभी आयु वर्गों के लोगों के लिए हिम एवं बर्फ आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नए स्वरूप विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।