शीआन-छोंगछिंग हाई-स्पीड रेलवे के चियालिंग नदी पर बन रहे विशाल पुल के दोनों हिस्से सफलतापूर्वक जुड़े
![]() |
| 8 नवंबर को शीआन-छोंगछिंग हाई-स्पीड रेलवे के चियालिंग नदी पर बन रहे विशाल पुल (मध्य में) के निर्माण स्थल का दृश्य। |
8 नवंबर को शीआन-छोंगछिंग हाई-स्पीड रेलवे के तहत छोंगछिंग के बेइबेई जिले के तियानफू क्षेत्र में चियालिंग नदी पर बन रहे विशाल पुल के दोनों हिस्सों को सफलतापूर्वक जोड़ दिया गया, जिससे पूरी रेल लाइन का निर्धारित समय पर परिचालन शुरू करने का मजबूत आधार तैयार किया गया। इस पुल की कुल लंबाई 874.35 मीटर है, जिसका डिजाइन चाइना रेलवे एरयुआन इंजीनियरिंग ग्रुप कंपनी लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया है, जबकि निर्माण कार्य चाइना रेलवे 11वें ब्यूरो द्वारा किया जा रहा है। पुल का मुख्य विस्तार 216 मीटर लंबा है और यह चियालिंग नदी के ऊपर बना है। बता दें कि यह शीआन-छोंगछिंग हाई-स्पीड रेलवे के छोंगछिंग केंद्र खंड का सबसे बड़े विस्तार वाला पुल है।
शीआन-छोंगछिंग हाई-स्पीड रेलवे चीन के राष्ट्रीय “आठ ऊर्ध्वाधर और आठ क्षैतिज” हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क के पेइचिंग-खुनमिंग कॉरिडोर और बाओथोउ (यिनछुआन)-हाईखोउ कॉरिडोर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी मुख्य रेल लाइन की कुल लंबाई लगभग 739 किलोमीटर है। इसका निर्माण शीआन से आनखांग और आनखांग से छोंगछिंग तक, दो खंडों में किया जा रहा है। इस रेलवे के निर्माण और परिचालन शुरू होने के बाद, यह छंगतू-छोंगछिंग हाई-स्पीड रेलवे, चंगचोऊ-छोंगछिंग हाई-स्पीड रेलवे और छोंगछिंग-खुनमिंग हाई-स्पीड रेलवे सहित कई प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ जाएगी, जिससे चीन के मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों का हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। साथ ही, यह शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के एकीकरण तथा क्षेत्रीय संतुलित विकास को बढ़ावा देने और पश्चिमी क्षेत्र के व्यापक विकास की नई व्यवस्था को तेजी से आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
