पहली तीन तिमाहियों में चीन की कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था स्थिर बनी रही


चित्र शिन्हुआ समाचार एचेंसी से है।

चीन के कृषि एवं ग्रामीण मामलों के मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस वर्ष की पहली तीन तिमाहियों में चीन की कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास में अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला, जिससे चीन की राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की समग्र स्थिरता बनाए रखने और उसे नए तथा बेहतर विकास की दिशा में आगे बढ़ाने को मजबूत समर्थन मिला है।

विस्तार से देखें तो, इस वर्ष अनाज उत्पादन में एक बार फिर अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है। चीन में इस वर्ष ग्रीष्मकालीन अनाज का उत्पादन पहली बार 15 करोड़ टन के पार पहुंचा, जो अब तक का सबसे अधिक स्तर है। शुरुआती मौसम के चावल का उत्पादन लगातार छह वर्षों से 2.8 करोड़ टन से अधिक बना हुआ है। शरदकालीन अनाज की बुवाई का क्षेत्रफल स्थिर रहने के साथ थोड़ा बढ़ने का अनुमान है। फिलहाल इसकी 90 प्रतिशत से अधिक फसल की कटाई हो चुकी है और अच्छी पैदावार लगभग तय मानी जा रही है। पूरे वर्ष में अनाज का कुल उत्पादन लगातार तीसरे वर्ष 70 करोड़ टन से अधिक रहने की उम्मीद है।

आवश्यक खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता से जुड़े उत्पादों की आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार देखी गई। इस वर्ष की पहली तीन तिमाहियों में पूरे चीन में सूअर के मांस, गोमांस, मटन और मुर्गी के मांस का कुल उत्पादन 762.7 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 4.3 प्रतिशत अधिक है। दूध के उत्पादन में 2.4 प्रतिशत और घरेलू जलीय उत्पादों के उत्पादन में 4.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, अंडों का उत्पादन 260.1 लाख टन रहा, जो अपेक्षाकृत ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। सूअर पालन क्षेत्र में उत्पादन क्षमता को नियंत्रित करने के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं। सितंबर के अंत तक, प्रजनन योग्य मादा सूअरों की संख्या 360.2 लाख रही, जो 2025 के अंत की तुलना में 35.9 लाख कम है। इसके साथ ही यह संख्या निर्धारित नियंत्रण लक्ष्य के अनुरूप सामान्य स्तर पर लौट आई है।