मारू और कांगछिए टाउनशिपों के सभी विस्थापित आपदा प्रभावितों को पुनर्वास केंद्रों में बसाया गया

पाछिंग काउंटी के मारू और कांगछिए टाउनशिपों में बनाए गए विभिन्न राहत एवं पुनर्वास केंद्रों में हर ओर सुव्यवस्था दिखाई देती है। यहां अस्थायी प्रीफैब्रिकेटेड आवास कतारों में करीने से खड़े हैं। प्रत्येक आवास में चिमनी, दरवाजे, खिड़कियां और रोशनी की समुचित व्यवस्था की गई है। भीतर अंगीठियों में आग की गर्माहट है और दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुएं भी सलीके से सजाकर रखी गई हैं। पुनर्वास केंद्रों में जनजीवन धीरे-धीरे व्यवस्थित हो रहा है। 1 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक, दोनों टाउनशिपों में जरूरत के मुताबिक सभी अस्थायी प्रीफैब्रिकेटेड आवासों का निर्माण पूरा हो चुका था और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए जाने वाले सभी आपदा प्रभावित लोग उनमें रहने भी लगे थे।

भूकंप के कारण मारू और कांगछिए टाउनशिपों में कुछ आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। आपदा के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा और जीवन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों तथा राहत सामग्री सहित सभी उपलब्ध संसाधनों को तेजी से जुटाया। इसके साथ ही प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और अस्थायी आवासों के निर्माण का काम तेज किया गया, ताकि वे जल्द से जल्द सुरक्षित और गर्म अस्थायी घरों में रह सकें। फिलहाल, पुनर्वास केंद्रों में आटा, चावल, खाद्य तेल, पीने का पानी, ठंड से बचाव के लिए कंबल और बिस्तर तथा गर्मी देने वाले स्टोव जैसी सभी आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करा दी गई हैं। अग्नि सुरक्षा की नियमित जांच, चिकित्सा सेवाओं के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती और साफ-सफाई एवं कीटाणुशोधन जैसी सहायक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। इससे आपदा प्रभावित लोगों की बुनियादी जरूरतों की भरोसेमंद व्यवस्था हुई है और प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन तथा उत्पादन गतिविधियां धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं।