शांतिपूर्ण तकनीकी इस्तेमाल के चीन के प्रस्ताव को मिला वैश्विक समर्थन

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने सोमवार को पेइचिंग में आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र की निरस्त्रीकरण और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा समिति ने चीन की ओर से पेश किए गए एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में तकनीक के शांतिपूर्ण इस्तेमाल के लिए देशों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। वर्ष 2021 के बाद यह चौथी बार है, जब चीन ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में शांतिपूर्ण तकनीकी इस्तेमाल को लेकर प्रस्ताव पेश किया है और उसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय का व्यापक समर्थन मिला है।
माओ निंग ने बताया कि इस प्रस्ताव में विकास और सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र की भूमिका को और मजबूत करने पर जोर दिया गया है। इसके अलावा, विकासशील देशों के उस वैध अधिकार की रक्षा करने की बात कही गई है, जिसके तहत वे शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए विज्ञान और तकनीक का इस्तेमाल कर सकते हैं। प्रस्ताव में सभी देशों से अपील की गई है कि वे इस दिशा में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाएं और ऐसे प्रतिबंधात्मक उपायों से बचें, जो उनके अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के अनुरूप नहीं हैं। साथ ही, इस मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र महासभा में चर्चा जारी रखने का भी फैसला किया गया है।
चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने आगे कहा कि इस प्रस्ताव को लागू करना चीन की वैश्विक सुरक्षा पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है। चीन सभी पक्षों के साथ मिलकर इस प्रस्ताव को पूरी तरह और प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए तैयार है। इसका मकसद विज्ञान और तकनीक की उपलब्धियों का इस्तेमाल मानवता की शांति और विकास को बढ़ावा देने में करना है, ताकि इनका लाभ दुनिया के सभी देशों और लोगों तक पहुंच सके।