शी चिनफिंग ने सीपीसी 20वीं केंद्रीय समिति के पांचवें पूर्ण सत्र में पारित निर्णय की व्याख्या की

(CRI)10:53:00 2026-11-02

29 अक्टूबर 2026 को चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की 20वीं केंद्रीय समिति के पांचवें पूर्ण सत्र में 'पार्टी के व्यापक और सख्त शासन को लगातार आगे बढ़ाने से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर सीपीसी केंद्रीय समिति का निर्णय' पारित किया गया। इस मौके पर सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो द्वारा सौंपे गए दायित्व के तहत, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पूर्ण सत्र में "निर्णय" के मसौदे से संबंधित प्रासंगिक परिस्थितियों की व्याख्या की।

शी चिनफिंग ने पूर्ण सत्र के लिए एजेंडा निर्धारित करने संबंधी विचार-विमर्श, "निर्णय" मसौदा तैयार करने की प्रक्रिया, "निर्णय" मसौदा की मूल रूपरेखा और मुख्य विषयवस्तु सहित तीन पहलुओं में विस्तृत रूप से व्याख्या की।

शी चिनफिंग के अनुसार, पार्टी का निर्माण पार्टी के भविष्य और भाग्य के लिए, और पार्टी तथा देश के हित की सफलता या विफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस वर्ष सीपीसी की स्थापना की 105वीं वर्षगांठ है। सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो ने निर्णय लिया है कि सीपीसी केंद्रीय समिति के 20वें सत्र के पांचवें पूर्ण सत्र में पार्टी के व्यापक और सख्त शासन को निरंतर आगे बढ़ाने के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह सीपीसी केंद्रीय समिति द्वारा पार्टी तथा देश के हित के विकास के ऐतिहासिक संदर्भ की समझ, चीनी शैली के आधुनिकीकरण की समग्र स्थिति पर ध्यान केंद्रित करने और वर्तमान स्थिति पर व्यापक विचार-विमर्श के आधार पर लिया गया एक महत्वपूर्ण निर्णय है।

उन्होंने कहा कि यह पार्टी के उन्नत स्वरूप और शुद्धता को बनाए रखने और इसकी दीर्घकालिक सत्ताधारी स्थिति को मजबूत करने के लिए एक आवश्यक शर्त है। साथ ही, यह पूरी पार्टी, सेना और जनता के बीच उच्च एकता और सामंजस्य की सकारात्मक राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने तथा विकसित करने के लिए एक अपरिहार्य आवश्यकता है। यह पार्टी के ऐतिहासिक मिशन को पूरा करने और पार्टी तथा देश के हित के स्थिर और दीर्घकालिक विकास को बढ़ावा देने के लिए एक अपरिहार्य आवश्यकता है।

शी चिनफिंग ने कहा कि चीन के मामलों को सुचारू रूप से प्रबंधित करने की कुंजी पार्टी में ही नहीं, पार्टी को व्यापक और सख्ती से शासित करने में भी निहित है। उनके मुताबिक, इस वर्ष जनवरी में, सीपीसी केंद्रीय समिति ने 20वीं सीपीसी केंद्रीय समिति के पांचवें पूर्ण सत्र के दस्तावेजों के लिए एक मसौदा तैयार करने वाले समूह का गठन किया, जिसमें वे समूह का प्रमुख और वांग हुनिंग, थ्साई छी और ली शी उप-प्रमुख थे। संबंधित पार्टी और राज्य के नेताओं के साथ-साथ संबंधित केंद्रीय विभागों और स्थानीय सरकारों के जिम्मेदार साथियों ने मसौदा तैयार करने में भाग लिया, जिसका संचालन सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो की स्थायी समिति के नेतृत्व में किया गया। 6 फरवरी को, मसौदा तैयार करने वाले समूह ने अपनी पहली पूर्ण बैठक आयोजित की, और आधिकारिक तौर पर दस्तावेज तैयार करने का कार्य शुरू किया।

शी चिनफिंग के अनुसार, दस्तावेज़ के मसौदा तैयार करते समय पाँच पहलुओं पर जोर दिया गया था, जिनमें नए युग में पार्टी निर्माण की अवधारणा को पूरी तरह से लागू करना, पार्टी और देश के विकास के लिए सेवा करना, पार्टी के व्यापक और सख्त शासन को निरंतर आगे बढ़ाना, पार्टी के भीतर प्रमुख मुद्दों को संबोधित करना, पार्टी के व्यापक और सख्त शासन की प्रणाली में सुधार पर ध्यान केंद्रित करना शामिल हैं।

अपनी व्याख्या में शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि दस्तावेज़ तैयार करने के दौरान, पार्टी केंद्रीय समिति ने पूर्णतः लोकतंत्र को बढ़ावा दिया, गहन जांच-पड़ताल और शोध किया तथा व्यापक स्तर पर राय आमंत्रित की।

शी चिनफिंग के मुताबिक, इस वर्ष 31 जनवरी को, पार्टी केंद्रीय समिति ने 20वीं सीपीसी केंद्रीय समिति के पांचवें पूर्ण सत्र के विषयों पर विभिन्न क्षेत्रों और विभागों से राय आमंत्रित करने के लिए एक नोटिस जारी किया। साथ ही, 23 प्रमुख विषयों पर शोध करने के लिए 16 इकाइयों को नियुक्त किया गया। 6 मई को, उन्होंने शांगहाई में एक संगोष्ठी की अध्यक्षता की, जिसमें कुछ प्रांतों, स्वायत्त प्रदेशों और नगरपालिकाओं के प्रमुख अधिकारियों की राय सुनी गई। 3 अगस्त को, "निर्णय" का मसौदा पार्टी के एक निश्चित दायरे में टिप्पणियों के लिए वितरित किया गया, जिसमें कुछ अनुभवी पार्टी सदस्यों की राय भी शामिल थी, और विशेष रूप से विभिन्न लोकतांत्रिक दलों की केंद्रीय समितियों के नेताओं, अखिल चीन उद्योग और वाणिज्य संघ तथा गैर-पार्टी हस्तियों के प्रतिनिधियों से भी राय आमंत्रित की गई।

शी चिनफिंग ने कहा कि "निर्णय" का मसौदा तैयार करने के दौरान, सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो की स्थायी समिति ने तीन बैठकें कीं और सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो ने मसौदे की समीक्षा और संशोधन के लिए दो बैठकें कीं, जिसे बाद में विचार-विमर्श के लिए इस पूर्ण सत्र में प्रस्तुत किया गया।

इसके अलावा, शी चिनफिंग ने अपनी व्याख्या में "निर्णय" मसौदे की मूल रूपरेखा और मुख्य विषयवस्तु का भी परिचय दिया। उनके मुताबिक, "निर्णय" मसौदे में प्रारंभिक और समापन विषयों के अलावा तीन मुख्य खंड शामिल हैं। पहला खंड, या भाग एक, सामान्य अवलोकन है। यह पार्टी के व्यापक और सख्त शासन को निरंतर आगे बढ़ाने के महत्व, तात्कालिकता और समग्र आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा करता है, जिसमें पांच पहलुओं को शामिल किया गया है।

वहीं, दूसरा खंड उपखंडों में विभाजित है, जिसमें भाग दो से आठ तक शामिल हैं। इसमें पार्टी के व्यापक और सख्त शासन को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए रणनीतिक कार्यों और प्रमुख पहलों की रूपरेखा दी गई है। और तीसरे खंड में पार्टी और राज्य की निगरानी प्रणाली में सुधार करना और पार्टी के व्यापक और सख्त संचालन की राजनीतिक जिम्मेदारी को लागू करना शामिल है। इन दोनों पहलुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।

अपनी व्याख्या के अंत में, शी चिनफिंग ने कहा कि सीपीसी की 20वीं केंद्रीय समिति के पांचवें पूर्ण सत्र का मुख्य कार्य "निर्णय" की समीक्षा करना और उसे अपनाना है। उन्होंने सभी को ध्यानपूर्वक विचार करने, गहन चर्चा करने, रचनात्मक राय और सुझाव प्रस्तुत करने की अपील की, ताकि इस पूर्ण सत्र की सफलता प्राप्त हो सके और "निर्णय" के मसौदे का अच्छी तरह से संशोधन किया जा सके।