चीन में पहली तीन तिमाहियों में रेलवे निर्माण में तेजी

हर्पिन–यीछुन हाई-स्पीड रेलवे।(VCG)
सछ्वान प्रांत के आबा तिब्बती-च्यांग स्वायत्त प्रिफेक्चर के होन्गयुआन काउंटी ने लाल सेना के लांग मार्च के दौरान बेहद कठिन दौर को देखा है। कभी यह क्षेत्र दूर-दूर तक फैले दलदलों और बेहद कम आबादी वाला निर्जन और दुर्गम क्षेत्र के रूप में जाना जाता था, लेकिन आज यहां एक आधुनिक हाई-स्पीड रेलवे स्टेशन तेजी से आकार ले रहा है। यह सछ्वान–छिंगहाई रेलवे का होन्गयुआन स्टेशन है, जो समुद्र तल से 3,675 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और पूरी रेल लाइन का सबसे ऊंचाई वाला स्टेशन है। इससे स्थानीय परिवहन व्यवस्था में सुधार की नई उम्मीद जगी है।
सछ्वान–छिंगहाई रेलवे का तेजी से हो रहा निर्माण इस साल से चीन में रेलवे निर्माण के गुणवत्तापूर्ण और कुशल तरीके से आगे बढ़ने का एक उदाहरण है। चाइना स्टेट रेलवे ग्रुप कंपनी लिमिटेड के जारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल की पहली तीन तिमाहियों में देशभर में रेलवे की अचल परिसंपत्तियों में 601.2 अरब युआन का निवेश किया गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 1.3 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान कुल 1,625 किलोमीटर नई रेल लाइनें परिचालन में लाई गईं। आधुनिक रेलवे बुनियादी ढांचे की व्यवस्था तेजी से विकसित हो रही है और पूरे रेल नेटवर्क की समग्र क्षमता लगातार बढ़ रही है, जिससे आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिल रही है।
इस वर्ष 28 सितंबर को चीन की सबसे उत्तरी हाई-स्पीड रेल लाइन हर्पिन–यीछुन हाई-स्पीड रेलवे को यातायात के लिए खोल दिया गया। यह रेलवे चीन के अत्यधिक ठंडे और उच्च अक्षांश वाले क्षेत्र से होकर गुजरती है। यहां सर्दियों में तापमान गिरकर शून्य से 40 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच जाता है। इसके अलावा, यहां की भूगर्भीय परिस्थितियां जटिल होने के कारण, निर्माण कार्य के लिए पूरे वर्ष में अनुकूल समय भी बहुत कम मिलता है, जिससे परियोजना को पूरा करना बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। इस रेलवे के तहत बना यीछुन पश्चिम रेलवे स्टेशन चीन का पहला ऐसा हाई-स्पीड रेलवे स्टेशन है, जिसका निर्माण अत्यधिक ठंडे क्षेत्र में स्थित बहुवर्षीय हिमभूमि पर किया गया है। यह हर्पिन–यीछुन हाई-स्पीड रेलवे का सबसे बड़ा नवनिर्मित स्टेशन भवन भी है। चाइना रेलवे कंस्ट्रक्शन कंपनी के यीछुन पश्चिम स्टेशन परियोजना के प्रभारी शी छिनवेई ने बताया कि निर्माण में शामिल सभी इकाइयों ने निर्माण कार्य की योजना और प्रबंधन में नए तरीके अपनाए तथा नई तकनीकों और प्रक्रियाओं का व्यापक उपयोग किया। इससे निर्माण संबंधी कई कठिन चुनौतियों को दूर किया गया जिससे रेलवे को निर्धारित समय पर चालू करना संभव हो पाया।
हर्पिन–यीछुन हाई-स्पीड रेलवे के अलावा, इस वर्ष पेइचिंग–हांगकांग हाई-स्पीड रेलवे के श्योंगआन–शांगछ्यू खंड, शीआन–आनखांग हाई-स्पीड रेलवे के शीआन–आनखांग खंड और यीछांग–शिंगशान हाई-स्पीड रेलवे सहित कई नई रेल लाइनें और स्टेशन भी यातायात के लिए खोले गए हैं। इससे क्षेत्रीय रेलवे नेटवर्क का विस्तार और बेहतर हुआ है तथा परिवहन व्यवस्था की समग्र दक्षता बढ़ी है। इन रेल लाइनों से आसपास के लोगों को यात्रा में सुविधा मिली है। साथ ही, इन्होंने औद्योगिक उन्नयन और संसाधनों के विकास को भी बढ़ावा दिया है। इस तरह ये परियोजनाएं क्षेत्रीय आर्थिक और सामाजिक विकास को उच्च गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ाने वाले “नए इंजन” के रूप में उभरी हैं। इसके अलावा, हुआइपेई–सूचोउ–पंग्पू इंटरसिटी रेलवे, नाननिंग–चुहाई हाई-स्पीड रेलवे के यूलिन (उत्तर)–छेनशी (पूर्व) खंड और थ्येनचिन–वेइफांग हाई-स्पीड रेलवे की चिनान संपर्क रेल लाइन पर समन्वित परीक्षण और परिचालन परीक्षण का काम व्यवस्थित ढंग से चल रहा है। इसके अलावा, छोंगछिंग–वानझोउ हाई-स्पीड रेलवे की पूरी लाइन में पटरियां बिछाने का काम पूरा हो गया है और स्थिर अवस्था में निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। वहीं, शांगहाई–नानचिंग–हेफेई हाई-स्पीड रेलवे के शांगहाई–नानचिंग खंड में पटरी बिछाने का काम शुरू हो गया है। शीआन–छोंगछिंग हाई-स्पीड रेलवे की एक प्रमुख सुरंग—चुचियाशान सुरंग—का निर्माण भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।