चीन के परिवहन क्षेत्र में 24 खरब युआन का पूंजीगत निवेश पूरा

चीन के यातायात व परिवहन मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, कई प्रमुख परियोजनाओं के प्रभाव से परिवहन क्षेत्र में अचल परिसंपत्तियों में निवेश उच्च स्तर पर बना हुआ है। इस साल की पहली तीन तिमाहियों में इस क्षेत्र में कुल 24 खरब युआन का निवेश किया गया। इनमें सड़क परिवहन और जल परिवहन क्षेत्रों में क्रमशः 16 खरब युआन और 157.1 अरब युआन का निवेश किया गया।

माल ढुलाई में स्थिर वृद्धि देखने को मिली। इस साल की पहली तीन तिमाहियों में वाणिज्यिक माल ढुलाई की कुल मात्रा 43.04 अरब टन रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 2.3 प्रतिशत अधिक है। अकेले सितंबर में इसमें सालाना आधार पर 1.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। परिवहन के विभिन्न माध्यमों में सड़क मार्ग से 32.70 अरब टन माल की ढुलाई हुई, जो सालाना आधार पर 2.5 प्रतिशत अधिक है। वहीं, जलमार्ग से 6.39 अरब टन माल की ढुलाई हुई, जो 2.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। बंदरगाहों पर माल की आवाजाही स्थिर बनी रही। पहली तीन तिमाहियों में चीन के बंदरगाहों पर कुल 13.64 अरब टन माल की आवाजाही दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 0.7 प्रतिशत अधिक है। सितंबर में बंदरगाहों पर माल की आवाजाही में सालाना आधार पर 2.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस दौरान कंटेनर हैंडलिंग की मात्रा 28 करोड़ टीईयू रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 4.5 प्रतिशत अधिक है। वहीं, पहली तीन तिमाहियों में विभिन्न क्षेत्रों के बीच लोगों की आवाजाही 51.22 अरब तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 1.2 प्रतिशत अधिक रही, जबकि सितंबर में इसमें सालाना आधार पर 5.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।