विदेशी बुजुर्गों को भा रही चीन की रोजमर्रा की जिंदगी

विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर “China Travel” (चीन यात्रा), “Chinamaxxing” (अत्यधिक चीनीकरण) और “China Haul” (चीन में खरीदारी के सामान की अनबॉक्सिंग) जैसे विषय लगातार लोकप्रिय हो रहे हैं। विदेशी पर्यटक अब चीन को केवल घूमने-फिरने और तस्वीरें खींचने की जगह नहीं मानते, बल्कि यहां की जीवनशैली का करीब से अनुभव करने में भी रुचि ले रहे हैं। इसी रुझान में विदेशी बुजुर्गों की संख्या भी बढ़ती दिखाई दे रही है। चीन में रहकर जीवन का आनंद लेना उनके लिए सेवानिवृत्ति के बाद के विकल्पों में से एक बनता जा रहा है।

कनाडा के किर्क एपिसलैंड ने 2014 में सेवानिवृत्त होने के बाद अपनी पत्नी के साथ चीन के क्वांगशी च्वांग जातीय स्वायत्त क्षेत्र के नाननिंग में बसने का फैसला किया। आज वह स्थानीय स्तर पर जाने-माने वीडियो ब्लॉगर हैं। वह बाजारों में घूमते हैं, सड़क किनारे मिलने वाले स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेते हैं और वीडियो के जरिए सेवानिवृत्ति के बाद के अपने आरामदायक जीवन के साथ-साथ नाननिंग के जीवंत जनजीवन को भी दर्ज करते हैं। उनके वीडियो को अक्सर लाखों बार देखा जाता है और बड़ी संख्या में लोग उन पर अपनी प्रतिक्रियाएं देते हैं। 60 वर्ष से अधिक उम्र के ब्रिटिश नागरिक डेविड डेकिंग्स ने च्यांगसू प्रांत के छांगशू में सात साल तक काम किया। वहां उनका काम पूरा होने के बाद वे कुछ समय के लिए ब्रिटेन लौट गए, लेकिन छांगशू की याद आने के कारण छह महीने भी नहीं बीते थे कि मई 2024 में वह फिर वहां लौट आए और चीन में रहकर सेवानिवृत्ति का आनंद लेने लगे।

विदेशी बुजुर्गों का चीन में रहकर जीवन बिताने का यह रुझान अब एक बड़े आर्थिक परिदृश्य का हिस्सा बन रहा है। जनवरी 2026 में चीन की राज्य परिषद के सामान्य कार्यालय ने “सेवा उपभोग के नए विकास बिंदुओं को तेजी से बढ़ावा देने की कार्ययोजना” जारी की। इसमें विदेशी नागरिकों के चीन आने-जाने और चीन में रहने की सुविधा बढ़ाने तथा उच्च गुणवत्ता वाले “स्वास्थ्य एवं दीर्घकालिक प्रवास” ब्रांड विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। 2025 में चीन के बुजुर्ग अर्थव्यवस्था से जुड़े उद्योग का आकार 9 ट्रिलियन युआन तक पहुंच गया और 2035 तक इसके 30 ट्रिलियन युआन से अधिक होने का अनुमान है। विदेशी बुजुर्गों का चीन में आना देश की बुजुर्ग अर्थव्यवस्था के लिए नए उपभोक्ता बाजार का विस्तार कर रहा है। कुछ विश्लेषकों के अनुसार, चीन में स्वास्थ्य एवं देखभाल सेवाओं का लाभ लेने वाले विदेशी नागरिकों का खर्च व्यक्तिगत भुगतान या वाणिज्यिक बीमा से पूरा होता है। दीर्घकाल में इससे चीन के स्वास्थ्य एवं बुजुर्ग देखभाल बाजार में नई मांग पैदा होगी और घरेलू वृद्ध देखभाल उद्योग में बदलाव तथा उन्नयन को बढ़ावा मिलेगा।