शिनच्यांग से सछ्वान-छोंगछिंग और कान्सू-सछ्वान बिजली परियोजनाओं को मंजूरी

2024 में निर्मित सछ्वान-छोंगछिंग 1,000 केवी अति उच्च वोल्टेज परियोजना, सछ्वान और छोंगछिंग के बिजली उत्पादन केंद्रों तथा बिजली की मांग वाले प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ती है।(चीन के स्टेट ग्रिड सछ्वान इलेक्ट्रिक पावर कंपनी)
चीन के स्टेट ग्रिड सछ्वान इलेक्ट्रिक पावर कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार, शिनच्यांग से सछ्वान-छोंगछिंग और कान्सू से सछ्वान तक बिजली पहुंचाने वाली दो अति उच्च वोल्टेज प्रत्यक्ष धारा (यूएचवीडीसी) परियोजनाओं को हाल ही में चीन के राष्ट्रीय विकास एवं सुधार आयोग से मंजूरी मिल गई है। दोनों परियोजनाओं में कुल लगभग 54.3 अरब युआन का निवेश किये जाने के बाद, इनके निर्माण कार्य 2027 में शुरू होने और 2029 में पूरा होकर चालू होने की उम्मीद है। इनके चालू होने के बाद, हर साल सछ्वान-छोंगछिंग क्षेत्र में लगभग 72 अरब किलोवाट-घंटे स्वच्छ बिजली पहुंचाई जा सकेगी।
जानकारी के अनुसार, शिनच्यांग से सछ्वान-छोंगछिंग तक बिजली पहुंचाने वाली अति उच्च वोल्टेज प्रत्यक्ष धारा परियोजना शिनच्यांग के पायिनकुओलंग मंगोल स्वायत्त प्रिफेक्चर से शुरू होकर सछ्वान के मियानयांग शहर तक पहुंचेगी। इसके बाद बिजली को सछ्वान-छोंगछिंग के अति उच्च वोल्टेज प्रत्यावर्ती धारा नेटवर्क के जरिए छोंगछिंग तक पहुंचाया जा सकेगा। इस लाइन की कुल लंबाई लगभग 1,996 किलोमीटर और निवेश करीब 30.6 अरब युआन है। वहीं, कान्सू से सछ्वान तक बिजली पहुंचाने वाली परियोजना कान्सू के च्यूछ्वान शहर से शुरू होकर सछ्वान के त्सयांग शहर तक पहुंचेगी। इसकी कुल लंबाई लगभग 1,460 किलोमीटर और निवेश करीब 23.7 अरब युआन है।
दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से सछ्वान-छोंगछिंग क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की सुरक्षा और क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, शिनच्यांग और कान्सू में पवन ऊर्जा तथा सौर ऊर्जा जैसी स्वच्छ ऊर्जा का दूसरे क्षेत्रों में उपयोग बढ़ेगा, जिससे छंगतू-छोंगछिंग दोहरे शहरी आर्थिक क्षेत्र के विकास को भी ऊर्जा सहायता मिलेगी।