शीत्सांग के शाननान की वाइन पहली बार सिंगापुर निर्यात

हाल ही में, शाननान शहर के नाइतोंग जिले के च्येपा गांव स्थित शीत्सांग शाननान यायिंग कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कंपनी लिमिटेड द्वारा उत्पादित 600 बोतल वाइन सफलतापूर्वक सिंगापुर निर्यात की गईं। इसके साथ ही, कंपनी ने सिंगापुर की फाइन वाइन्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक रणनीतिक समझौता किया। इसके तहत यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में यायिंग कृषि द्वारा उत्पादित वाइन की मुख्य वितरक होगी।

शीत्सांग के उत्पादों को बाहरी बाजारों तक पहुँचाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। यायिंग कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कंपनी लिमिटेड को सरकारी विभागों से निर्यात प्रक्रिया संबंधी मार्गदर्शन और सीमा शुल्क निकासी को आसान बनाने जैसी सुविधाएँ मिलीं। इसके चलते कंपनी ने कम समय में निर्यात की पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली। इससे भविष्य में और अधिक उत्पादों को विभिन्न देशों और क्षेत्रों में निर्यात करने का रास्ता तैयार हुआ है। कंपनी स्थानीय संसाधनों का लाभ उठाकर विशिष्ट वाइन उद्योग विकसित कर रही है। साथ ही, वह स्थानीय किसानों को उत्पादन गतिविधियों से जोड़ने पर भी ध्यान दे रही है। इस उद्योग के विकास से आसपास के ग्रामीणों को अंगूर की खेती और देखभाल, प्रसंस्करण तथा संबंधित सेवाओं में भाग लेने के अवसर मिल रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय बढ़ाने में मदद मिल रही है। इस तरह, विशिष्ट उद्योग ग्रामीण पुनरुत्थान को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण साधन बन रहा है।

शाननान शहर के संबंधित अधिकारी ने बताया कि वाइन का सिंगापुर निर्यात नाइतोंग जिले के स्थानीय संसाधनों का लाभ उठाकर विशिष्ट उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचाने का एक ठोस परिणाम है। इससे शाननान के पठारी क्षेत्रों के विशिष्ट कृषि उत्पादों के ब्रांड की पहचान बढ़ाने, लोगों की आय के स्रोतों का विस्तार करने और ग्रामीण पुनरुत्थान को बढ़ावा देने में सकारात्मक योगदान मिलेगा। आगे शाननान शहर कारोबारी माहौल को बेहतर बनाने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और सेवाओं को मजबूत करने तथा कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की माँग से जुड़ने में सहायता देने का काम जारी रखेगा। इसका उद्देश्य पठारी क्षेत्रों के और अधिक विशिष्ट उत्पादों को चीन से बाहर और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचाना है।