शांगहाई में तीन हवाई अड्डों वाले अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र की तैयारी

2026 उत्तर बंड अंतरराष्ट्रीय शिपिंग फोरम का उद्घाटन 20 अक्टूबर को शांगहाई में हुआ। इस दौरान शांगहाई नगरपालिका सरकार और चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन ने संयुक्त रूप से “नए युग और नई यात्रा में शांगहाई अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र की रणनीतिक योजना” जारी की। योजना में स्पष्ट किया गया है कि शांगहाई का अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र मौजूदा फुतोंग और होंगछियाओ के दो प्रमुख हवाई अड्डों से आगे बढ़कर फुतोंग, होंगछियाओ और नानथोंग के नए हवाई अड्डे वाले "दो स्थान, तीन हवाई अड्डे" ढांचे में विकसित किया जाएगा।

योजना के अनुसार, फुतोंग हवाई अड्डा शांगहाई के अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र के मुख्य मंच के रूप में काम करेगा। यहां यात्री और माल ढुलाई दोनों पर जोर देते हुए दुनिया के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाला उच्च गुणवत्ता और कुशल हवाई मार्ग नेटवर्क विकसित किया जाएगा। होंगछियाओ हवाई अड्डा शांगहाई के अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र का महत्वपूर्ण आधार होगा, जहाँ घरेलू तेज और सुविधाजनक विमानन सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा तथा फुतोंग हवाई अड्डे के साथ तेज संपर्क और समन्वित विकास सुनिश्चित किया जाएगा। नानथोंग का नया हवाई अड्डा भी शांगहाई के अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। इसका मुख्य उद्देश्य फुतोंग और होंगछियाओ हवाई अड्डों के गैर-मुख्य कार्यों का बोझ कम करना होगा। यहां यात्री और माल ढुलाई दोनों को बढ़ावा देते हुए मुख्य रूप से घरेलू और क्षेत्रीय मार्गों का बेहतर नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन के विकास योजना विभाग के उप प्रमुख ली नुओ ने बताया कि योजना के अनुसार, 2035 तक शांगहाई दुनिया के अग्रणी विमानन केंद्रों में शामिल होगा और नानथोंग के नए हवाई अड्डे के पूरा होने के साथ "दो स्थान, तीन हवाई अड्डे" वाला एकीकृत अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र और बेहतर जुड़ा व्यापक परिवहन नेटवर्क तैयार होगा। सालाना यात्री और माल ढुलाई क्षमता क्रमशः 20 करोड़ यात्रियों और 54 लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद है। इस सदी के मध्य तक शांगहाई को विश्व स्तर पर प्रभावशाली, बहुआयामी प्रवेशद्वार वाले अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र के रूप में पूरी तरह विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

फिलहाल, शांगहाई के विमानन केंद्र की बुनियादी व्यवस्था आकार ले चुकी है। शांगहाई फुतोंग और होंगछियाओ दोनों हवाई अड्डों की यात्री और माल ढुलाई का स्तर दुनिया के अग्रणी हवाई अड्डों में शामिल है। वर्ष 2025 में शांगहाई के हवाई अड्डों पर 13.5 करोड़ से अधिक यात्रियों का आवागमन हुआ, जबकि माल और डाक की ढुलाई 45.37 लाख टन रही। हवाई मार्गों से दुनिया के 53 देशों के 302 शहर जुड़े हैं और इस मामले में शांगहाई एशिया-प्रशांत क्षेत्र में अग्रणी है।

शांगहाई एयरपोर्ट ग्रुप के उपाध्यक्ष चाओ हाईपो ने कहा, “शांगहाई के हवाई अड्डे यात्री और माल ढुलाई केंद्रों की मुख्य प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को और मजबूत करने तथा केंद्रों के बीच यात्री एवं माल हस्तांतरण की मुख्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कदम लिए जाएंगे। इससे शांगहाई अंतरराष्ट्रीय शिपिंग केंद्र के विकास को नई ऊंचाई मिलेगी और परिवहन क्षेत्र को मजबूत बनाने में बेहतर योगदान दिया जाएगा।"

जानकारी के अनुसार, 2026 उत्तर बंड अंतरराष्ट्रीय शिपिंग फोरम के दौरान शांगहाई और हांगकांग के बीच उच्च गुणवत्ता वाले शिपिंग सहयोग को आगे बढ़ाने संबंधी रणनीतिक सहयोग ज्ञापन तथा शांगहाई नगरपालिका सरकार और अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ के बीच सहयोग ज्ञापन समेत कई अंतर-विभागीय सहयोग दस्तावेज जारी किए गए। इसके अलावा, अग्रणी पहल, हरित बदलाव और उच्च स्तरीय शिपिंग सेवा नवाचार से जुड़े कई महत्वपूर्ण परिणाम भी सामने रखे गए।