दक्षिण से उत्तर जल अंतरण परियोजना की पूर्वी लाइन से 2026-2027 के लिए जल अंतरण शुरू
चीन दक्षिण-से-उत्तर जल अंतरण समूह से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण से उत्तर जल अंतरण परियोजना की पूर्वी लाइन के पहले चरण के तहत वर्ष 2026-2027 के लिए जल अंतरण का काम 20 अक्टूबर को शुरू किया गया।
चीन दक्षिण-से-उत्तर जल अंतरण समूह के एक संबंधित अधिकारी ने बताया कि वार्षिक जल आवंटन योजना के अनुसार, इस अवधि में च्यांग्सू प्रांत को 56.1 करोड़ घन मीटर, आनहुई प्रांत को 4.2 करोड़ घन मीटर और शानतोंग प्रांत को 66.5 करोड़ घन मीटर अतिरिक्त शुद्ध जल की आपूर्ति करने की योजना है। च्यांग्सू और शानतोंग प्रांतों को जोड़ने वाली अंतरप्रांतीय परियोजना के तहत थाईअरचुआंग पंपिंग स्टेशन से शानतोंग प्रांत को 100.7 करोड़ घन मीटर पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण से उत्तर जल अंतरण परियोजना की पूर्वी लाइन से आधिकारिक तौर पर जल आपूर्ति शुरू होने के बाद से यांग्त्सी और हुआई नदियों के जल संसाधनों का समन्वित और बेहतर उपयोग करते हुए अब तक 13 वार्षिक जल अंतरण कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। इस दौरान यांग्त्सी नदी से कुल 53 अरब घन मीटर से अधिक पानी निकाला गया है, जबकि च्यांग्सू और शानतोंग प्रांतों के बीच 9.645 अरब घन मीटर पानी का अंतरण किया गया है, जिससे इस परियोजना से इस मार्ग के आसपास रहने वाले 8.5 करोड़ से अधिक लोगों को लाभ मिला है। जल संसाधनों के बेहतर आवंटन, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति सुनिश्चित करने, बाढ़ और सूखे से निपटने तथा पारिस्थितिकी संरक्षण में यह परियोजना लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।