चीन की व्यापारिक प्रदर्शनियां वैश्विक सहयोग को दे रहीं बढ़ावा: चीनी विदेश मंत्रालय

(CRI)09:13:18 2026-10-15

14 अक्टूबर को पेइचिंग में चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान एक पत्रकार ने पूछा कि 140वां चीन आयात-निर्यात मेला (कैंटन मेला) शुरू होने वाला है, जबकि 9वां चीन अंतरराष्ट्रीय आयात एक्सपो (CIIE) 5 नवंबर से शुरू होगा। इसके अलावा, चीन ने हाल ही में चीन अंतरराष्ट्रीय सेवा व्यापार मेला (CIFTIS), चीन-आसियान एक्सपो और वैश्विक डिजिटल व्यापार एक्सपो का सफल आयोजन किया है। कुछ मीडिया विश्लेषकों का मानना है कि चीन में आयोजित हो रही अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में दुनिया भर की कंपनियां बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। ये प्रदर्शनियां वैश्विक आर्थिक और व्यापारिक विकास को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रही हैं। इस बारे में चीन की क्या प्रतिक्रिया है?

इसके जवाब में माओ निंग ने कहा कि प्रदर्शनियों की यह श्रृंखला चीन को दुनिया से जोड़ने, विकास को बढ़ावा देने और लोगों की आजीविका बेहतर बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस साल कैंटन मेले की 70वीं वर्षगांठ है। इसमें 32 हजार प्रदर्शक हिस्सा लेंगे, जिनमें 11 हजार से अधिक ऐसे प्रमुख उद्यम शामिल हैं जो विशिष्ट, उन्नत और नवोन्मेषी उत्पादों के निर्माण में विशेषज्ञता रखते हैं। इनमें अपने-अपने उत्पाद क्षेत्र में अग्रणी स्थान हासिल करने वाली कंपनियां भी शामिल हैं।

माओ निंग ने बताया कि नवंबर में शांगहाई में आयोजित होने वाले चीन अंतरराष्ट्रीय आयात एक्सपो में सबसे कम विकसित देशों को मुफ्त प्रदर्शनी बूथ उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही, एशिया-अफ्रीका उत्पाद क्षेत्र को भी बेहतर बनाया जाएगा, ताकि चीन के साथ राजनयिक संबंध रखने वाले अफ्रीकी देशों को चीनी बाजार में शून्य शुल्क की सुविधा का लाभ उठाने में मदद मिल सके।

माओ निंग ने कहा कि इन अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों को मिल रही व्यापक भागीदारी के पीछे चीन का उच्च स्तरीय खुलेपन को बनाए रखने और दुनिया के साथ विकास के अवसर साझा करने का दृढ़ संकल्प है।