2026 विश्व व्यावसायिक कॉलेज कौशल प्रतियोगिता में 36 हजार प्रतियोगी लेंगे हिस्सा

(CRI)09:44:58 2026-10-13

चीनी शिक्षा मंत्रालय की ओर से 12 अक्तूबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि व्यावसायिक और तकनीकी शिक्षा के विकास पर विश्व सम्मेलन 15 से 17 अक्तूबर, 2026 तक उत्तरी चीन के थ्येनचिन शहर में आयोजित होगा। इस सम्मेलन की थीम है, “विश्व व्यावसायिक शिक्षा: बदलाव को अपनाना, मानक स्थापित करना और भविष्य का निर्माण करना।”

इस सम्मेलन में पांच मुख्य सत्र और तीन समानांतर कार्यक्रम होंगे। मुख्य सत्रों में उद्घाटन समारोह, पूर्ण सत्र, मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन, समानांतर सम्मेलन और समापन समारोह शामिल हैं। इसके अलावा, सम्मेलन के दौरान लुबान वर्कशॉप की 10वीं वर्षगांठ पर संगोष्ठी, चीन में व्यावसायिक शिक्षा पर विशेष प्रदर्शनी और विश्व व्यावसायिक कॉलेज कौशल प्रतियोगिता (WVCSC) का फाइनल भी आयोजित किया जाएगा।

आयोजकों के मुताबिक, WVCSC का फाइनल 16 अक्तूबर को शाम 7:30 बजे होगा। इस साल प्रतियोगिता में पांच महाद्वीपों के 78 देशों से 9,391 टीमें और 36 हजार प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इस तरह, प्रतियोगिता ने भागीदारी के मामले में नया मुकाम हासिल किया है। इसके साथ ही, पहले से मौजूद चार विदेशी प्रतियोगिता क्षेत्रों के अलावा ओशिनिया को भी एक नए क्षेत्र के रूप में शामिल किया जाएगा, जिससे प्रतियोगिता का अंतरराष्ट्रीय दायरा और बढ़ेगा।

वहीं, इस साल प्रतियोगिता में पारंपरिक चीनी कौशल के लिए एक नई श्रेणी भी शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य चीनी पारंपरिक संस्कृति और कौशल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ावा देना और दुनिया भर में उनकी पहचान को मजबूत करना है।