फिलीपीन तटरक्षक बल के प्रवक्ता द्वारा की गई टिप्पणियों पर चीन की प्रतिक्रिया
रिपोर्ट के अनुसार, फिलीपीन तटरक्षक बल के एक प्रवक्ता ने बताया कि 8 अक्तूबर को सुबह चीनी तटरक्षक बल द्वारा जल तोपों की गोलीबारी और खतरनाक युद्धाभ्यास के बावजूद, फिलीपीन तटरक्षक बल ने रनआईच्याओ रीफ पर फंसे युद्धपोत से एक घायल को सफल चिकित्सा सहायता प्रदान की। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने 9 तारीख को आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में संबंधित सवाल का जवाब देते हुए कहा कि चीन तटरक्षक बल के प्रवक्ता ने घटना के संबंध में सही स्थिति बताते हुए एक बयान जारी किया है। फिलीपींस के कुछ व्यक्तियों द्वारा तथ्यों को नजरअंदाज करते हुए और संदर्भ से हटकर चीन पर झूठे आरोप लगाना निंदनीय है।
चीनी प्रवक्ता ने कहा कि 8 तारीख की सुबह, फिलीपीन तटरक्षक बल का एक जहाज चीन की अनुमति के बिना चीन के नानशा द्वीप समूह में रनआईच्याओ रीफ के पास के जलक्षेत्र में घुस गया। चीनी तटरक्षक बल ने कानूनों और नियमों के अनुसार उचित और न्यायसंगत कार्रवाई की। दोनों पक्षों के बीच संपर्क के बाद और मानवीय दृष्टिकोण से चीन ने तुरंत फिलीपींस को छोटी नाव से घायलों को स्थानांतरित करने की अनुमति दी और आवश्यक सहायता प्रदान की।
फिलीपींस के कुछ व्यक्तियों ने इसकी तारीफ नहीं की और तथ्यों को भी नजरअंदाज करते हुए, संदर्भ से हटकर उद्धृत किया और चीन पर ही आरोप लगा दिए। इससे एक बार फिर अशांति फैलाने और ध्यान आकर्षित करने की उनकी वास्तविक मंशा उजागर होती है, जो निंदनीय है। चीन किसी भी दुर्भावनापूर्ण उकसावे का कड़ा जवाब देगा और अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता और समुद्री अधिकारों की दृढ़ता से रक्षा करेगा।