वुचेन में 2 से 5 नवंबर तक विश्व इंटरनेट सम्मेलन शिखर सम्मेलन
29 सितंबर को विश्व इंटरनेट सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय संगठन द्वारा पेइचिंग में आयोजित संवाददाता सम्मेलन से मिली जानकारी के अनुसार, 2026 विश्व इंटरनेट सम्मेलन वुचेन शिखर सम्मेलन 2 से 5 नवंबर तक चीन के चच्यांग प्रांत के वुचेन में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष के शिखर सम्मेलन का विषय है, "ओपन सोर्स और खुलापन, सह-निर्माण और साझाकरण, मिलकर साइबर स्पेस के साझा भविष्य वाला समुदाय बनाएं।"
शिखर सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के ओपन सोर्स और खुले विकास की अवधारणा तथा उसके व्यावहारिक इस्तेमाल पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। साथ ही, देश-विदेश के प्रतिनिधियों को नवाचार एवं विकास, सुरक्षा शासन, सभ्यता आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे विषयों पर विचार-विमर्श के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
इस वर्ष का शिखर सम्मेलन डिजिटल और बुद्धिमान युग में तेजी से उभर रहे महत्वपूर्ण विषयों के साथ-साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास और शासन को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंताओं पर भी केंद्रित होगा। इसके तहत वैश्विक शासन पहल के अंतर्गत साइबर स्पेस सहयोग, इंटेलिजेंट एजेंट के बीच आपसी विश्वास, कनेक्टिविटी और इंटरऑपरेबिलिटी के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग एवं नवाचार, रोबोटिक्स और एम्बॉडिड इंटेलिजेंस तथा स्पेटियो-टेम्पोरल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर 27 उप-मंच आयोजित किए जाएंगे।
वहीं, मुख्य मंच पर "कृत्रिम बुद्धिमत्ता वुचेन संवाद" सत्र आयोजित होगा। इसमें प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियों और ओपन सोर्स बड़े मॉडल विकसित करने वाली कंपनियों के प्रमुखों को वैश्विक कृत्रिम बुद्धिमत्ता ओपन सोर्स पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
इसके अलावा, शिखर सम्मेलन के दौरान उद्घाटन समारोह के साथ विश्व इंटरनेट सम्मेलन अग्रणी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पुरस्कार, "मिलकर साइबर स्पेस के साझा भविष्य वाला समुदाय बनाएं" उत्कृष्ट केस प्रदर्शनी, विश्व इंटरनेट सम्मेलन उत्कृष्ट योगदान पुरस्कार और "इंटरनेट की रोशनी" प्रदर्शनी समेत कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बता दें कि 2026 विश्व इंटरनेट सम्मेलन वुचेन शिखर सम्मेलन का आयोजन विश्व इंटरनेट सम्मेलन करेगा, जबकि चच्यांग प्रांत की सरकार इसके संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।