हम फिलीपींस के तथाकथित "समुद्री मानचित्र" के नए संस्करण का कड़ा विरोध करते हैं: विदेश मंत्रालय

(CRI)08:40:48 2026-09-30

रिपोर्ट के अनुसार, 25 सितंबर को फिलीपींस के राष्ट्रीय समुद्री आयोग ने कथित तौर पर अपने तथाकथित "समुद्री मानचित्र" का एक नया संस्करण जारी किया, जिसमें चीन के नानशा द्वीप समूह के झोंग्ये द्वीप और माहुआन द्वीप जैसे द्वीप और चट्टानें शामिल हैं। इसके जवाब में, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने 29 तारीख को आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि फिलीपींस द्वारा चीन के नानशा द्वीप समूह में कुछ द्वीपों और चट्टानों पर अवैध कब्जा, अपनी क्षेत्रीय सीमाओं से परे तथाकथित "कलायान द्वीप समूह" की स्थापना, और चीन के नानशा द्वीप समूह में सम्बंधित द्वीपों और चट्टानों के तथाकथित "समुद्री मानचित्र" जारी करना, चीन की प्रादेशिक अखंडता और प्रभुसता का गंभीर उल्लंघन है और संयुक्त राष्ट्र चार्टर तथा सम्बंधित अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन है। ये अवैध और अमान्य हैं।

चीनी प्रवक्ता ने कहा कि झोंग्ये द्वीप और माहुआन द्वीप चीन के नानशा द्वीप समूह का हिस्सा हैं और चीन की प्रादेशिक भूमि हैं। नानशा द्वीप समूह और उसके आसपास के जलक्षेत्र पर चीन की निर्विवाद संप्रभुता है। चीन फिलीपींस द्वारा चीन की संप्रभुता और अधिकारों को कमजोर करने वाली किसी भी कार्रवाई का कड़ा विरोध करता है, और दक्षिण चीन सागर में अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता और समुद्री अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक उपाय करना जारी रखेगा।