देशभर में सड़क यातायात मौसम संबंधी सेवाओं पर पहली बार संयुक्त बैठक

28 सितंबर को चीनी मौसम विज्ञान प्रशासन, पुलिस यातायात प्रबंधन और परिवहन विभागों ने पहली बार देशभर में सड़क यातायात मौसम संबंधी सेवाओं पर संयुक्त बैठक की। संयुक्त आकलन के अनुसार, राष्ट्रीय दिवस की छुट्टियों के दौरान चीन के अधिकांश हिस्सों में मौसम की स्थिति सड़क यातायात के लिए कुल मिलाकर अनुकूल रहने की उम्मीद है।

चीनी मौसम विज्ञान प्रशासन द्वारा आयोजित इस संयुक्त बैठक के अनुसार, 29 से 30 सितंबर तक पश्चिमी चीन से लेकर ह्वांगह्वाई और च्यांगह्वाई क्षेत्रों तक कई एक्सप्रेसवे पर बारिश होने की संभावना है। इनमें छांगछुन–शनचन, शांगहाई–छंगतू, शांगहाई–छोंगछिंग, चिनान–क्वांगचोउ, हांगचोउ–रुईली एक्सप्रेसवे शामिल हैं। इस दौरान सड़कों के फिसलन भरे होने, जलभराव तथा बारिश से उत्पन्न होने वाली द्वितीयक आपदाओं के प्रभाव पर ध्यान देने की जरूरत है। वहीं, उत्तरी च्यांगसू और आनहुई, पूर्वी कांसु तथा उत्तरी शान्शी के क्षेत्रों में पेइचिंग-थाइपेई, पेइचिंग-शांगहाई, छांगछुन–शनचन, पाओथोउ–माओमिंग, फूचोउ–यिनछुआन और ल्येनयुनकांग–होर्गोस जैसे एक्सप्रेसवे पर रात से सुबह तक घना कोहरा छाने की संभावना है। ऐसे में कुछ हिस्सों में स्थानीय घने कोहरे के कारण कम दृश्यता से सड़क यातायात पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

छुट्टियों के दौरान 1 से 4 अक्टूबर तक, बारिश के प्रभाव के कारण हांगचोउ–रुईली, शांगहाई–खुनमिंग, पाओथोउ–माओमिंग, श्यामेन–छंगतू, छोंगछिंग–खुनमिंग और लानचोउ–हाइखोउ जैसे एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों में सड़क पर फिसलन और जलभराव से यातायात प्रभावित हो सकता है। इनमें 3 अक्टूबर को पूर्वी कांसु और उत्तरी शान्शी में छिंगताओ–यिनछुआन, पाओथोउ–माओमिंग और फूचोउ–यिनछुआन एक्सप्रेसवे पर कोहरा छाने की संभावना है। 6 से 7 अक्टूबर तक सछ्वान बेसिन के दक्षिणी हिस्से में शांगहाई–छोंगछिंग, शांगहाई–छंगतू, पाओथोउ–माओमिंग, लानचोउ–हाइखोउ और छोंगछिंग–खुनमिंग एक्सप्रेसवे पर भी कोहरा छाने की संभावना है।