मध्य-शरद उत्सव के दौरान पेइचिंग में 87.83 लाख पर्यटकों का आगमन
27 सितंबर को पेइचिंग के संस्कृति और पर्यटन ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार, मध्य-शरद उत्सव की छुट्टियों के दौरान पेइचिंग में कुल 87.83 लाख पर्यटक पहुंचे और पर्यटन पर कुल 11.54 अरब युआन खर्च किए गए। इनमें 83 हजार विदेशी पर्यटक शामिल रहे, जिन्होंने 78 करोड़ युआन खर्च किए।
आंकड़ों के अनुसार, मध्य-शरद उत्सव की छुट्टियों के दौरान पेइचिंग में पर्यटकों की संख्या के लिहाज से शीर्ष 10 पर्यटन स्थल या क्षेत्र रहे—ओलंपिक पार्क, वांगफुचिंग, शीतान, ल्यांगमा नदी का अंतरराष्ट्रीय पर्यटन तट, थ्येनआनमन क्षेत्र, छ्येनमन पर्यटक क्षेत्र, तिथान पार्क, थ्येनथान पार्क, शिचाहाई दर्शनीय क्षेत्र और नानलुओकुशियांग।
छुट्टियों के दौरान पेइचिंग के संस्कृति और पर्यटन ब्यूरो ने “मध्य-शरद उत्सव का आनंद लें, पेइचिंग की सैर करें” विषय पर प्रचार गतिविधियां आयोजित कीं। इनमें लोक संस्कृति से जुड़े व्याख्यान, अमूर्त सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी गतिविधियां और नाव की सवारी करते हुए चांद देखने जैसे कार्यक्रम शामिल रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने परंपरा और आधुनिकता के मेल के बीच मध्य-शरद उत्सव के अनूठे आकर्षण का सजीव अनुभव किया। रात के समय संस्कृति और पर्यटन से जुड़े उपभोग में भी नई ऊर्जा देखने को मिली। ल्यांगमा नदी का अंतरराष्ट्रीय पर्यटन तट, लुगोउच्याओ वानपिंग पर्यटक स्थल और यीहेयुआन जैसे लोकप्रिय स्थलों पर प्राचीन वास्तुकला, नदी तट और चांदनी को पारंपरिक चीनी सांस्कृतिक शैली तथा मनोरंजन कार्यक्रमों के साथ जोड़ा गया, जिससे काव्यात्मक और रोमांटिक माहौल तैयार हुआ और ये गतिविधियां स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों को खूब पसंद आईं।
पेइचिंग के विभिन्न स्तरों के संस्कृति केंद्रों और सार्वजनिक पुस्तकालयों जैसी सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थाओं ने कला प्रस्तुतियों, पठन गतिविधियों, हस्तशिल्प अनुभव, सांस्कृतिक व्याख्यान और विषयगत प्रदर्शनियों समेत लोगों के लिए कुल 585 प्रकार की 834 सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित कीं। इनमें कुल 8.76 लाख लोगों ने भाग लिया।
मध्य-शरद उत्सव की छुट्टियों के दौरान पेइचिंग में विभिन्न प्रकार के 308 व्यावसायिक कला कार्यक्रमों के कुल 951 शो आयोजित किए गए। इनमें करीब 3.9 लाख दर्शक पहुंचे और टिकट बिक्री से लगभग 17 करोड़ युआन की आय हुई। विभिन्न थिएटरों, खुले मंचों और नए प्रदर्शन स्थलों पर लगातार कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें क्लासिक प्रस्तुतियां, बड़े संगीत कार्यक्रम, नए नाटकों के प्रथम मंचन और बच्चों के कार्यक्रम शामिल थे, जिन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए छुट्टियों के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार पेशकश की।