पिछले साल चीन में बड़े और मध्यम आकार के पर्यटन कला कार्यक्रमों की टिकट बिक्री 17.4 अरब युआन के पार

चीनी प्रदर्शन कला उद्योग संघ द्वारा 21 तारीख को जारी “2025 चीन पर्यटन कला कार्यक्रम बाजार वार्षिक रिपोर्ट” के अनुसार, वर्ष 2025 में चीन में बड़े और मध्यम आकार के पर्यटन कला कार्यक्रमों के 1 लाख 98 हजार 700 शो आयोजित किए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 4.95 प्रतिशत अधिक हैं। इन कार्यक्रमों की टिकट बिक्री से 17.442 अरब युआन की आय हुई, जो साल-दर-साल 6.43 प्रतिशत अधिक है। दर्शकों की संख्या 8 करोड़ 79 लाख 89 हजार 700 रही, जिसमें पिछले वर्ष की तुलना में 3.01 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इससे स्पष्ट होता है कि चीन का पर्यटन कला कार्यक्रम उद्योग अब स्थिर विकास के दौर में प्रवेश कर चुका है और बड़े पैमाने पर विस्तार से गुणवत्ता एवं दक्षता बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह रिपोर्ट शानतोंग प्रांत के लिनयी शहर में आयोजित 2026 सांस्कृतिक एवं पर्यटन एकीकरण—पर्यटन कला कार्यक्रमों के उच्च गुणवत्ता वाले विकास सम्मेलन में जारी की गई।

चीनी प्रदर्शन कला उद्योग संघ की उपाध्यक्ष एवं महासचिव पान येन ने सम्मेलन में कहा कि पर्यटन उपभोग में बढ़ोतरी, कलात्मक सौंदर्यबोध में सुधार, भावनात्मक संतुष्टि की बढ़ती मांग तथा आपूर्ति पक्ष में सजीव अनुभव को मजबूत किए जाने से पर्यटन कला कार्यक्रमों में लगातार सुधार और उन्नयन देखा जा रहा है, जिससे बाजार के विकास की मजबूती और अधिक स्पष्ट हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में पर्यटन कला कार्यक्रमों के क्षेत्र में “पूर्व में बेहतर विकास, पश्चिम में तेजी और उत्तर-दक्षिण के बीच आपसी सहयोग” का समग्र स्वरूप देखने को मिल रहा है। यांग्त्से नदी डेल्टा, पर्ल नदी डेल्टा और बोहाई सागर के आसपास के क्षेत्रों जैसे पूर्वी इलाकों में पर्यटन कला कार्यक्रमों की संख्या अधिक है, उनकी गुणवत्ता बेहतर हुई है और कार्यक्रमों के स्वरूप भी विविध हैं। पश्चिमी क्षेत्र अपनी विशिष्ट प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक संसाधनों के आधार पर पर्यटन कला कार्यक्रमों के क्षेत्र में लगातार गहराई से विकास कर रहे हैं। “दक्षिण-उत्तर सहयोग” का अर्थ दक्षिण और उत्तर के बीच एक-दूसरे की खूबियों का लाभ उठाना है। उत्तर के कई क्षेत्र ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संसाधनों के आधार पर कला कार्यक्रम विकसित कर रहे हैं, जबकि दक्षिण के कई क्षेत्र पहाड़ों और जलप्रपातों जैसे प्राकृतिक दृश्यों का लाभ उठाकर सजीव अनुभव वाले कार्यक्रम विकसित कर रहे हैं।