चीन में विमानन लॉजिस्टिक्स का पैमाना लगातार नए रिकॉर्ड पर

तीन दिवसीय चीन विमानन संघ विमानन सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में जारी “चीन हवाई परिवहन विकास रिपोर्ट (2026)” के अनुसार, चीन में विमानन लॉजिस्टिक्स का पैमाना लगातार नए रिकॉर्ड पर पहुंच रहा है और इसका विकास स्थिर एवं सकारात्मक बना हुआ है।

रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में चीन के विमानन लॉजिस्टिक्स उद्योग ने ऐतिहासिक प्रगति दर्ज की। चीन में नागरिक उड्डयन के जरिए माल और डाक परिवहन की मात्रा पहली बार 1 करोड़ टन के आंकड़े को पार कर 1.0172 करोड़ टन पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13.3 प्रतिशत अधिक है। अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर माल और डाक परिवहन की मात्रा 44.025 लाख टन रही, जो साल-दर-साल 22.1 प्रतिशत बढ़ी और कुल माल परिवहन में इसकी हिस्सेदारी 40 प्रतिशत से अधिक रही। देश में नए 252 मालवाहक हवाई मार्ग शुरू किए गए, जिनमें 214 अंतरराष्ट्रीय मार्ग शामिल हैं। पूर्ण रूप से माल ढोने वाले विमानों की संख्या बढ़कर 272 हो गई, जबकि वाइड-बॉडी विमानों की हिस्सेदारी बढ़कर 22 प्रतिशत हो गई। देश के 24 हवाई अड्डा-आधारित राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स केंद्रों से गुजरने वाले माल की कुल मात्रा देश के सभी हवाई अड्डों के माल परिवहन का 85 प्रतिशत से अधिक रही।

विशेषज्ञों ने सुझाव दिया कि बाजार की बदलती मांग के अनुरूप परिवहन क्षमता के बेहतर वितरण की व्यवस्था की जाए और मौजूदा कमियों को दूर किया जाए। चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन के संबंधित अधिकारी ने कहा कि वर्तमान में स्मार्ट तकनीक का इस्तेमाल उद्योग के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण उपाय बन गया है। अगले चरण में नागरिक उड्डयन प्रशासन आपूर्ति-पक्ष के संरचनात्मक सुधार को लगातार गहरा करेगा और विमानन लॉजिस्टिक्स के डिजिटल एवं स्मार्ट बदलाव को आगे बढ़ाएगा।

चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन के परिवहन विभाग के उप महानिदेशक वांग वेइच्युन ने बताया कि विमानन लॉजिस्टिक्स सार्वजनिक सूचना सेवा मंच से संबंधित डेटा को जोड़ने का काम तेज किया जाएगा और अधिक एयरलाइनों व हवाई अड्डों को इस मंच के साथ डेटा साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। हवाई अड्डा समूहों और संबंधित उद्यमों को अपने संसाधनों एवं तकनीकी क्षमताओं का लाभ उठाने के लिए समर्थन दिया जाएगा, ताकि पूरे नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लॉजिस्टिक्स सूचना बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर किया जा सके और विमानन लॉजिस्टिक्स की पूरी श्रृंखला में सूचना के आपसी संपर्क एवं आदान-प्रदान को और बढ़ावा दिया जा सके।