चीन हुआतियन की ऊर्जा क्षमता में स्वच्छ ऊर्जा की हिस्सेदारी 62% के पार

18 सितंबर को चीन हुआतियन समूह कंपनी लिमिटेड से मिली जानकारी के अनुसार, हाल ही में चीन हुआतियन ने “14वीं पंचवर्षीय योजना” अवधि के कार्बन उत्सर्जन पर श्वेत पत्र जारी किया। इसमें 14वीं पंचवर्षीय योजना अवधि के दौरान कार्बन उत्सर्जन प्रबंधन के नए विचारों, नई पहलों और नई उपलब्धियों को व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत किया गया है तथा कंपनी के हरित और कम-कार्बन बदलाव के प्रयासों और उपलब्धियों को व्यापक रूप से दर्शाया गया है। यह चीन हुआतियन द्वारा कार्बन उत्सर्जन पर जारी किया गया तीसरा श्वेत पत्र है।

आंकड़ों के अनुसार, “14वीं पंचवर्षीय योजना” अवधि के दौरान चीन हुआतियन के कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के प्रयासों के लगातार सकारात्मक परिणाम सामने आए। 2025 में चीन हुआतियन की बिजली आपूर्ति की कुल कार्बन उत्सर्जन तीव्रता 2020 की तुलना में 60.93 ग्राम प्रति किलोवाट-घंटा कम हुई। वहीं, प्रति 10 हजार युआन उत्पादन मूल्य पर कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन (वर्तमान कीमतों पर) 13वीं पंचवर्षीय योजना अवधि के अंत की तुलना में 23 प्रतिशत घटकर अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। पांच वर्षों के दौरान ऊर्जा संरचना के अनुकूलन तथा ऊर्जा की बचत और खपत में कमी लाने के संयुक्त प्रयासों से कुल 87.1 करोड़ टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी लाई गई। साथ ही, कार्बन बाजार के निर्माण को भी आगे बढ़ाया गया और कुल कारोबार 6.297 करोड़ टन तक पहुंच गया, जिससे कार्बन उत्सर्जन प्रबंधन का अधिक सटीक और पेशेवर स्तर लगातार बेहतर हुआ।

कार्बन उत्सर्जन में कमी के इन परिणामों के पीछे मौजूदा ऊर्जा क्षमता में सुधार और नई क्षमता की दक्षता बढ़ाने, दोनों का योगदान रहा है। पिछले पांच वर्षों में चीन हुआतियन ने ऊर्जा संरचना को लगातार बेहतर बनाया और नई ऊर्जा के विकास को तेजी से आगे बढ़ाया। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में रेगिस्तान, गोबी और बंजर मरुस्थलीय क्षेत्रों में नई ऊर्जा बेस विकसित करने के लिए सक्रिय रूप से प्रयास किए गए। दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में जलविद्युत, पवन ऊर्जा, सौर ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण को एकीकृत करने वाले स्वच्छ ऊर्जा बेस बनाए गए, जबकि तटीय क्षेत्रों में अपतटीय पवन ऊर्जा के विकास को तेज किया गया। इस तरह हरित ऊर्जा का विस्तार तेजी से हुआ। 2025 के अंत तक चीन हुआतियन की नई ऊर्जा क्षमता 11 करोड़ किलोवाट से अधिक हो गई।