निंगश्या के मिननिंग कस्बे में 30 साल के सहयोग की बदलती तस्वीर

निंगश्या के मिननिंग कस्बे में 30 साल के सहयोग की बदलती तस्वीर

चीन के हलान पर्वत की पूर्वी तलहटी में स्थित गोबी मरुस्थल में फूच्येन और निंगश्या के नामों के संक्षिप्त रूप पर रखा गया एक कस्बा—मिननिंग कस्बा—चीन में गरीबी उन्मूलन के इतिहास का एक प्रेरक अध्याय लिख रहा है। कभी यह इलाका ऐसा बंजर था, जहां “आसमान में पक्षी नहीं उड़ते थे और हवा चलने पर पत्थर लुढ़कते थे”, लेकिन आज यह 60 हजार से अधिक लोगों के सुखी और समृद्ध जीवन का घर बन चुका है।

1996 में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति ने पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों के बीच गरीबी उन्मूलन सहयोग शुरू करने की योजना बनाई और फूच्येन को निंगश्या की सहायता की जिम्मेदारी सौंपी। 15 जुलाई 1997 को हलान पर्वत की तलहटी में मिननिंग गांव की आधारशिला रखने का समारोह आयोजित किया गया। फूच्येन से निंगश्या की सहायता के लिए आए अधिकारियों के कई दल हजारों किलोमीटर की यात्रा कर गोबी मरुस्थल में आकर बस गए। सहायता के लिए एक के बाद एक धनराशि उपलब्ध कराई गई और विभिन्न परियोजनाएं योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई गईं। गोबी मरुस्थल में पहली बार रसोई का धुआं उठने से लेकर आज बहुमंजिला इमारतों और समृद्ध उद्योगों तक—मिननिंग गांव, जिसकी आबादी कभी 8 हजार से कुछ अधिक थी, अब विकसित होकर 60 हजार से अधिक आबादी वाले मिननिंग कस्बे में बदल चुका है। यहां प्रति व्यक्ति वार्षिक आय शुरुआती दौर के 500 युआन से भी कम से बढ़कर 2025 में 20 हजार युआन से अधिक हो गई है।

वर्तमान में मिननिंग कस्बे में अंगूर की शराब, मांस के लिए पाले जाने वाले मवेशी और थानयांग भेड़ समेत कई विशिष्ट उद्योग विकसित हो चुके हैं। यहां लगभग 4,867 हेक्टेयर में फैला वाइन अंगूर का बागान क्षेत्र हैं और 20 से अधिक वाइनरी हर साल 1 लाख से अधिक पर्यटकों का स्वागत करती हैं। मिननिंग औद्योगिक पार्क में फूच्येन बिग डेटा समूह, होंगशिंग एरख सहित 30 से अधिक कंपनियां स्थापित हो चुकी हैं और इनका कुल उत्पादन मूल्य 1 अरब युआन से अधिक हो गया है।

मिननिंग कस्बे को एक मॉडल के रूप में अपनाते हुए, पिछले 30 वर्षों में फूच्येन और निंगश्या ने 110 से अधिक मिननिंग सहयोग मॉडल गांव, 78 नए पुनर्वास गांव और 423 स्थानांतरित आबादी के पुनर्वास क्षेत्र स्थापित किए हैं। इस दौरान कुल 12.3 लाख से अधिक लोगों को स्थानांतरित कर नए स्थानों पर बसाया गया है।