चीन ब्रिक्स सहयोग के तीसरे 'स्वर्णिम दशक' की शुरुआत करेगा: चीनी विदेश मंत्रालय

(CRI)10:19:28 2026-09-15

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने सोमवार को नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चीन अगले वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालेगा और ब्रिक्स सहयोग के तीसरे 'स्वर्णिम दशक' की शुरुआत के लिए सभी पक्षों के साथ मिलकर काम करेगा।

क्वो ने बताया कि 12 से 13 सितंबर तक चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने भारत की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स नेताओं के 18वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पहले और दूसरे चरण के सत्रों में महत्वपूर्ण भाषण दिए और ब्रिक्स नेताओं के साथ विकास तथा सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

क्वो ने आगे कहा कि इस वर्ष ब्रिक्स सहयोग की 20वीं वर्षगांठ है। राष्ट्रपति शी ने ब्रिक्स सहयोग की 20 वर्षों की यात्रा को तीन शब्दों में समेटा है, आत्मनिर्भरता, एकजुटता और उपलब्धियों से भरपूर। राष्ट्रपति शी का मानना है कि पिछले 20 वर्षों में ब्रिक्स सहयोग तंत्र लगातार विकसित हुआ है और यह उभरते बाजारों तथा विकासशील देशों के लिए दुनिया का सबसे प्रभावशाली सहयोग मंच बन गया है।

क्वो च्याखुन के अनुसार, नई दिल्ली में राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कहा कि 'वृहद ब्रिक्स' को बड़ी भूमिका निभानी है और आगे बड़ा विकास करना है। इसके लिए व्यावहारिक सहयोग की नींव को और मजबूत करना जरूरी है। सम्मेलन के दौरान उन्होंने ब्रिक्स एआई ओपन-सोर्स साझाकरण, डिजिटल उद्योग सहयोग और बुद्धिमान विनिर्माण सहयोग जैसी कई पहलें पेश कीं।

उन्होंने घोषणा की कि चीन ब्रिक्स एआई ओपन-सोर्स विशेष क्षेत्र का निर्माण करेगा, ब्रिक्स डिजिटल उद्योग क्लाउड प्लेटफॉर्म स्थापित करेगा और ब्रिक्स युवा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नवाचार आदान-प्रदान कार्यक्रम लागू करेगा। इन पहलों का उद्देश्य वैश्विक दक्षिण के देशों की क्षमता निर्माण में मदद करना और यह सुनिश्चित करना है कि सभी पक्षों को समान रूप से लाभ मिले।

क्वो ने कहा कि अगले वर्ष चीन ब्रिक्स की अध्यक्षता करेगा और 19वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। चीन सभी पक्षों के साथ सहमति बनाने, भविष्य को आकार देने और ब्रिक्स सहयोग के तीसरे 'स्वर्णिम दशक' की शुरुआत करने के लिए तैयार है।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कई वर्षों से ब्रिक्स देशों ने औद्योगीकरण में सहयोग को लगातार बढ़ावा दिया है। इस दिशा में नई औद्योगिक क्रांति साझेदारी नवाचार आधार और ब्रिक्स औद्योगिक क्षमता केंद्र जैसे मंच स्थापित किए गए हैं। चीन ब्रिक्स देशों के साथ तकनीकी सहयोग को मजबूत करने, औद्योगिक तालमेल को और गहरा करने तथा उच्च गुणवत्ता, अधिक लचीले और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए तैयार है।