2026 APEC CEO शिखर सम्मेलन 17-18 नवंबर को शनचन में

चित्र VCG से है।
10 सितंबर को चीनी अंतरराष्ट्रीय व्यापार संवर्द्धन कमेटी (CCPIT) से मिली जानकारी के अनुसार, 2026 एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) शिखर सम्मेलन 17 से 18 नवंबर तक चीन के शनचन शहर में आयोजित किया जाएगा।
चीन 2026 APEC की मेज़बानी कर रहा है। इसी क्रम में 18 से 19 नवंबर तक शनचन में APEC की 33वीं नेताओं की अनौपचारिक बैठक आयोजित होगी। 2026 APEC CEO शिखर सम्मेलन इसी बैठक से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सहयोगी गतिविधि है।
CCPIT के प्रवक्ता ने बताया कि इस CEO शिखर सम्मेलन का विषय "संयुक्त रूप से समृद्धि को बढ़ावा देना, साझा रूप से भविष्य की जीत" है। इसका आयोजन CCPIT करेगा। सम्मेलन में APEC अर्थव्यवस्थाओं के राजनीतिक और व्यावसायिक जगत से करीब 1,000 प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान एशिया-प्रशांत मुक्त व्यापार क्षेत्र के निर्माण, अंतर्संबंध, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल अर्थव्यवस्था, क्वांगतोंग-हांगकांग-मकाओ ग्रेटर बे एरिया के निर्माण और सतत विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रतिनिधि एशिया-प्रशांत क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सुझाव भी देंगे।
इसके अलावा, इस वर्ष की शुरुआत से एशिया-प्रशांत के कारोबारी जगत ने APEC व्यापार सलाहकार परिषद (ABAC) समेत विभिन्न माध्यमों से एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण को लेकर आम सहमति को मजबूत किया है। इससे APEC के "चीन वर्ष" के लिए व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए हैं। इसी सिलसिले में 14 से 16 नवंबर तक CCPIT शनचन में ABAC की चौथी बैठक भी आयोजित करेगा। बैठक में विभिन्न अर्थव्यवस्थाओं से आए ABAC प्रतिनिधि "खुलापन, अंतर्संबंध और समन्वय" की वार्षिक विषय-वस्तु पर गहन चर्चा करेंगे और पूरे वर्ष के कामकाज की समीक्षा करेंगे।