पश्चिमी भू-समुद्री नया गलियारा ट्रेन सेवा से भेजे गए माल की मात्रा 60 लाख TEU के पार

चीन रेलवे नाननिंग ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार, इस वर्ष 10 सितंबर तक पश्चिमी भू-समुद्री नया गलियारा ट्रेन सेवा के जरिए भेजे गए कंटेनरों की कुल संख्या 60 लाख TEU के पार पहुंच गई है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि चीन के पश्चिमी क्षेत्र से दक्षिण की ओर समुद्री मार्ग तक पहुंचने वाला यह महत्वपूर्ण परिवहन गलियारा बड़े पैमाने पर और उच्च गुणवत्ता वाले विकास के एक नए चरण में प्रवेश कर गया है।

पश्चिमी भू-समुद्री नया गलियारा 2017 में नियमित रूप से संचालित होना शुरू हुआ था। यह चीन के पश्चिमी क्षेत्र के व्यापक विकास, “बेल्ट एंड रोड” के संयुक्त निर्माण तथा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोहरे आर्थिक चक्र को सुचारु बनाने की राष्ट्रीय रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे पहले, चीन के दक्षिण-पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी अंतर्देशीय क्षेत्र पूर्वी तटीय प्रमुख बंदरगाहों से दूर होने के कारण सीमा पार माल ढुलाई के मार्ग लंबे, लागत अधिक और परिवहन दक्षता कम थी। इसके चलते अंतर्देशीय क्षेत्रों के गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के लिए विदेशों तक पहुंच बनाना मुश्किल था और आसियान देशों के साथ व्यापारिक एवं आर्थिक संपर्क के लिए स्थिर और कुशल भूमि-समुद्र परिवहन गलियारे का भी अभाव था। अंतर्देशीय क्षेत्रों के खुलेपन की बाधाओं को दूर करने और दक्षिण-पश्चिमी चीन से समुद्र तक पहुंचने वाला सबसे सुविधाजनक मार्ग तैयार करने के लिए पश्चिमी भू-समुद्री नया गलियारा अस्तित्व में आया। इसने गुआंग्शी के पेइपु खाड़ी तटीय क्षेत्र की आसियान देशों से निकटता वाले विशिष्ट भौगोलिक स्थान का लाभ उठाते हुए सिचुआन, छोंगछिंग, क्वेइचोउ और युन्नान समेत पश्चिमी क्षेत्रों के प्रांतों और शहरों को आपस में जोड़ा तथा “अंतर्देशीय क्षेत्र + समुद्री बंदरगाह + सीमा पार” एकीकृत लॉजिस्टिक्स प्रणाली का निर्माण किया। इससे पश्चिमी क्षेत्रों की अंतरराष्ट्रीय व्यापार और परिवहन व्यवस्था में मौजूद कमियों को दूर करने में मदद मिली। 2019 में यह गलियारा राष्ट्रीय रणनीति का हिस्सा बन गया और इसके बाद बड़े पैमाने पर, मानकीकृत तथा उच्च गुणवत्ता वाले विकास के एक नए दौर में प्रवेश किया।

60 लाख TEU की संचयी माल ढुलाई का आंकड़ा पार करना पश्चिमी भू-समुद्री नए गलियारे के वर्षों के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह दक्षिण की ओर खुलेपन और सहयोग की गुणवत्ता तथा स्तर को बढ़ाने के एक नए चरण की शुरुआत भी है। आगे, चीन रेलवे नाननिंग ब्यूरो रेलवे की मुख्य आधारभूत भूमिका को लगातार मजबूत करेगा। जल्द शुरू होने वाली पिंगलू नहर को ध्यान में रखते हुए, पश्चिमी भू-समुद्री नए गलियारे में “नदी–रेल–समुद्र” संयुक्त परिवहन की नई व्यवस्था को तेजी से विकसित किया जाएगा। साथ ही, गलियारे के प्रमुख केंद्रों की क्षमता और रेलवे नेटवर्क की दक्षता का अधिकतम उपयोग करते हुए एक ऐसी अंतरराष्ट्रीय भूमि-समुद्र संयुक्त परिवहन व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया जाएगा, जो तेज और सुचारु, स्थिर एवं सुविधाजनक तथा किफायती और भरोसेमंद हो। यह व्यवस्था पश्चिमी चीन के विकास और चीन–आसियान के बीच गहन आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग को लगातार नई गति देगी तथा “बेल्ट एंड रोड” के संयुक्त निर्माण और घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय दोहरे आर्थिक चक्र वाले नए विकास प्रतिमान के निर्माण में रेलवे की मजबूत भूमिका सुनिश्चित करेगी।