हांगकांग में 11वां "बेल्ट एंड रोड" शिखर मंच का आयोजन

(CRI)13:38:23 2026-09-10

हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र सरकार और हांगकांग व्यापार विकास परिषद की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित 11वां "बेल्ट एंड रोड" शिखर मंच 9 सितंबर को हांगकांग कन्वेंशन एवं प्रदर्शनी केंद्र में शुरू हुआ। इसमें 70 से अधिक देशों और क्षेत्रों के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 6,000 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

मंच का विषय "उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा देना, नई यात्रा की शुरुआत करना" है। इसमें "बेल्ट एंड रोड" के सह-निर्माण में शामिल देशों और क्षेत्रों के राजनीतिक एवं कारोबारी जगत के नेताओं और विशेषज्ञों ने उच्च गुणवत्ता वाले "बेल्ट एंड रोड" सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की। साथ ही, क्षेत्रीय आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग और औद्योगिक संपर्क को बढ़ावा देने तथा सहयोग के परिणामों को तेजी से लागू करने पर जोर दिया गया।

हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र के प्रमुख प्रशासक जॉन ली ने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया अभूतपूर्व बदलाव और बढ़ते भू-राजनीतिक विभाजन का सामना कर रही है। ऐसे में "बेल्ट एंड रोड" पहल से मिलने वाली कनेक्टिविटी, सहयोग और आम सहमति बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि "एक देश, दो प्रणालियां" से मिले लाभों के आधार पर हांगकांग इस पहल के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए एक आदर्श मंच है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष हांगकांग और "बेल्ट एंड रोड" के सह-निर्माण में शामिल देशों के बीच वस्तु व्यापार करीब 323 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जो साल-दर-साल लगभग 17 प्रतिशत अधिक है। इन देशों की करीब 1,500 कंपनियों ने हांगकांग में अपने कार्यालय स्थापित किए हैं। वहीं, प्रतिभा आदान-प्रदान के क्षेत्र में हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र सरकार की ओर से शुरू की गई "बेल्ट एंड रोड छात्रवृत्ति" से 830 से अधिक छात्रों को मदद मिली है। ये आंकड़े "बेल्ट एंड रोड" के उच्च गुणवत्ता वाले सह-निर्माण में हांगकांग की भागीदारी के परिणामों को दिखाते हैं।

वहीं, हांगकांग व्यापार विकास परिषद के अध्यक्ष फ्रेडरिक मा ने कहा कि "बेल्ट एंड रोड" सह-निर्माण पहल का मूल उद्देश्य विभिन्न पक्षों के बीच घनिष्ठ संपर्क स्थापित करना, विकास की क्षमता को सहयोग के अवसरों में बदलना और इन अवसरों को विभिन्न क्षेत्रों के लिए ठोस परिणामों में बदलना है। उन्होंने कहा कि आसियान, मध्य एशिया, मध्य पूर्व, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका जैसे बाजारों में विकास की अपार संभावनाएं हैं। "बेल्ट एंड रोड" के एक महत्वपूर्ण कारोबारी मंच के रूप में हांगकांग अपने आंतरिक और बाहरी संपर्क के लाभों का इस्तेमाल जारी रखेगा और चीनी मुख्य भूमि को वैश्विक बाजार से जोड़ने में अपनी भूमिका निभाएगा।

उधर, चीनी वाणिज्य मंत्रालय के उप मंत्री यान तोंग ने कहा कि वाणिज्य मंत्रालय हांगकांग की अंतरराष्ट्रीय वित्तीय, शिपिंग और व्यापार केंद्र तथा अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र के रूप में भूमिका को मजबूत करने में सहायता करेगा। साथ ही, "बेल्ट एंड रोड" आर्थिक और व्यापारिक सहयोग एवं कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा, मुख्य भूमि और हांगकांग के बीच निकट आर्थिक भागीदारी व्यवस्था (CEPA) के व्यापक उन्नयन को आगे बढ़ाया जाएगा। वित्त, शिपिंग और पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में हांगकांग के लिए मुख्य भूमि के बाजार को और खोलने, हांगकांग द्वारा अधिक मुक्त व्यापार और निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर करने तथा जल्द से जल्द क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (RCEP) में शामिल होने के प्रयासों का भी समर्थन किया जाएगा। इससे हांगकांग को क्षेत्रीय आर्थिक और व्यापारिक सहयोग में व्यापक रूप से भाग लेने में मदद मिलेगी।

ज्ञात हो कि मंच के पहले दिन विभिन्न पक्षों ने वित्त, पेशेवर सेवाओं, उद्योग और विनिर्माण समेत कई क्षेत्रों से जुड़े कुल 32 सहयोग ज्ञापनों और समझौतों पर सहमति जताई।