चीन के थियनएन टेलीस्कोप ने बनाया दुनिया का सबसे बड़ा तटस्थ हाइड्रोजन आकाशगंगा नमूना भंडार


थियनएन टेलीस्कोप।(शिन्हुआ समाचार एचेंसी)

चीनी विज्ञान अकादमी के राष्ट्रीय खगोलीय वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय खगोलीय वेधशाला के च्यांग पेंग के नेतृत्व वाली टीम द्वारा संचालित चीन के थियनएन FAST तटस्थ हाइड्रोजन सर्वेक्षण परियोजना (FASHI) ने अपने दूसरे चरण का डेटा सेट FASHI DR2 जारी किया है। इसके साथ ही दुनिया का सबसे बड़ा तटस्थ हाइड्रोजन आकाशगंगा नमूना भंडार तैयार हो गया है। इससे संबंधित शोध परिणाम 8 सितंबर को एक अकादमिक जर्नल में प्रकाशित हुए।

तटस्थ हाइड्रोजन ब्रह्मांड का एक प्राचीन मूलभूत पदार्थ है, जिसे आकाशगंगाओं का “निर्माण कच्चा माल” माना जाता है। इससे निकलने वाला 21 सेंटीमीटर विकिरण संकेत अंतरिक्षीय धूल को पार कर सकता है और ब्रह्मांड के दूरस्थ हिस्सों की जानकारी पहुंचा सकता है। इस बार जारी किए गए डेटा सेट में कुल 1.56 लाख तटस्थ हाइड्रोजन आकाशगंगाओं को दर्ज किया गया है और इसका सर्वेक्षण लगभग आधे आकाशीय क्षेत्र तक फैला है। नमूनों की संख्या इससे पहले के अंतरराष्ट्रीय सर्वेक्षण दूरबीनों के डेटा से पांच गुना अधिक है और पहले चरण के डेटा की तुलना में लगभग चार गुना बढ़ी है, जिससे एक बार फिर विश्व रिकॉर्ड कायम हुआ है।

इन आंकड़ों के आधार पर शोधकर्ताओं ने निकटवर्ती ब्रह्मांड में तटस्थ हाइड्रोजन घनत्व के मापन की सटीकता को बढ़ाकर 0.6 प्रतिशत कर दिया है। यह अब तक मानव जाति द्वारा इस भौतिक मात्रा का सबसे सटीक मापन है। ये नमूने आकाशगंगा विकास, डार्क मैटर के वितरण और ब्रह्मांड की विशाल संरचना जैसे अत्याधुनिक वैज्ञानिक रहस्यों को समझने में मदद करेंगे। साथ ही, ये गुरुत्वाकर्षण तरंगों के स्रोतों की पहचान और अगली पीढ़ी की रेडियो दूरबीनों के अनुसंधान के लिए भी महत्वपूर्ण संदर्भ उपलब्ध कराएंगे।